नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष व वार्ड पार्षदों ने ली शपथ, उपायुक्त ने दी शुभकामनाएं
खूँटी : नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के तहत खूँटी नगर पंचायत क्षेत्र में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का शपथ ग्रहण समारोह आज समाहरणालय स्थित सभागार में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त आर० रॉनिटा द्वारा नगर पंचायत की नवनिर्वाचित अध्यक्ष रानी टुटी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
इसके साथ ही नगर पंचायत के सभी निर्वाचित वार्ड पार्षदों (वार्ड संख्या 1 से 19 तक) को भी शपथ ग्रहण कराया गया। इस अवसर पर सभी जनप्रतिनिधियों ने अपने कर्तव्यों का निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ निर्वहन करने का संकल्प लिया।
उपायुक्त आर० रॉनिटा ने सभी नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं पार्षदों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरें और पारदर्शिता, जवाबदेही तथा ईमानदारी के साथ कार्य करें। उन्होंने नगर क्षेत्र के समग्र विकास, स्वच्छता व्यवस्था, आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण एवं आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए समर्पित भाव से कार्य करने की अपील की।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी

No Previous Comments found.