खूंटी नगर भवन में शांति समिति की बैठक संपन्न, त्योहारों को लेकर प्रशासन अलर्ट

खूंटी : आगामी ईद, सरहुल एवं रामनवमी जैसे महत्वपूर्ण त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर खूंटी नगर भवन में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त ने की, जिसमें पुलिस अधीक्षक, एसडीओ, डीएसपी, खूंटी थाना प्रभारी सहित जिले के सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में सभी समुदायों से आपसी भाईचारे और समन्वय के साथ त्योहार मनाने की अपील की गई। उपायुक्त ने स्पष्ट रूप से कहा कि ईद, सरहुल या रामनवमी—किसी भी त्योहार के दौरान यदि कोई व्यक्ति अफवाह फैलाता है या सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट अथवा आपत्तिजनक टिप्पणी करता है, तो ऐसे लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि शहर के विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही ड्रोन के माध्यम से पूरे शहर में निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि शहर की हर गली और प्रमुख स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी रहेगी। किसी भी तरह की उपद्रवी या अभद्र गतिविधि करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने क्विक रिस्पांस टीम (क्यू आर टी) भी बहाल किया है। दुर्घटना या घायल होने की स्थिति में घायलों को तुरंत एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया जाएगा। पर्व त्योहारों के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग की टीम भी बनाई गई है। तत्काल स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की जिम्मेवारी सदर अस्पताल के डॉक्टर, नर्स और स्वास्थ्यकर्मियों को दी गई है। 

खूंटी में पूर्व में घटित घटनाओं को लेकर खूंटी पुलिस प्रशिक्षण ने अतिरिक्त सतर्कता बरती है। पूर्व में चिन्हित उपद्रवियों पर पुलिस की खास नजर रहेगी। सामाजिक समरसता बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों पर पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी। प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि सभी त्योहार शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सकें।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.