घघरी ग्राम में जल अर्पण कार्यक्रम का आयोजन, जल संरक्षण के प्रति ग्रामीणों ने दिखाई सक्रिय भागीदारी

खूंटी : “जल महोत्सव पखवाड़ा” के तहत आज मुरहू प्रखंड अंतर्गत कोड़ाकेल पंचायत के घघरी ग्राम में “जल अर्पण” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संबंधित पंचायत के मुखिया द्वारा स्वागत भाषण के साथ किया गया। इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य अतिथियों का स्वागत घघरी ग्राम की ग्रामीण महिलाओं द्वारा स्वागत गीत एवं पुष्प गुच्छ भेंट कर किया गया।

कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रधान द्वारा जल जीवन मिशन के अंतर्गत घघरी ग्राम में संचालित जलापूर्ति योजना की सफलता पर अपने विचार व्यक्त किए गए। उन्होंने बताया कि गांव में घर-घर तक नल से जल की आपूर्ति सुनिश्चित की जा चुकी है तथा ग्रामीणों द्वारा नियमित रूप से जल कर का भुगतान भी किया जा रहा है। इस उपलब्धि के लिए उन्होंने ग्रामीणों के सहयोग की सराहना की। संबंधित प्रखंड के कनीय अभियंता द्वारा जल जीवन मिशन के तहत किए गए कार्यों का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया गया एवं योजना के महत्व पर प्रकाश डाला गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत मुखिया, प्रधान एवं ग्रामीणों द्वारा जागरूकता रैली भी निकाली गई तथा जल अर्पण, जल बंधन एवं जल वंदना जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से जल संरक्षण का संदेश दिया गया। इस दौरान मुंडारी भाषा में भी जल संरक्षण से संबंधित गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिससे स्थानीय समुदाय की सहभागिता और अधिक सशक्त हुई।

कार्यक्रम के अंत में जिला समन्वयक द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया। इस अवसर पर मुखिया, ग्राम प्रधान, कनीय अभियंता, जल सहिया, प्रखंड समन्वयक, जिला समन्वयक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने घघरी ग्राम को एक मॉडल गांव के रूप में विकसित करने की दिशा में ग्रामीणों के प्रयासों की सराहना की।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.