जिला स्तरीय सहिया सम्मेलन एवं सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी सम्मान समारोह-सह-विश्व यक्ष्मा दिवस कार्यक्रम 2026 का आयोजन
खूंटी : कार्यक्रम में स्वास्थ्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सहिया, सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी समेत अन्य को किया गया सम्मानित, विश्व यक्ष्मा दिवस पर उपायुक्त ने टीबी उन्मूलन हेतु जागरूकता बढ़ाने एवं मरीजों को चिन्हित करने का किया आह्वान।
“जिला स्तरीय सहिया सम्मेलन एवं सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी सम्मान समारोह-सह-विश्व यक्ष्मा दिवस कार्यक्रम 2026” का आयोजन जिला स्वास्थ्य समिति, खूँटी द्वारा नगर भवन, खूँटी में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उपायुक्त आर० रॉनिटा द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, खूँटी द्वारा स्वागत भाषण देते हुए सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया गया। उन्होंने कार्यक्रम के उद्देश्यों की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त आर० रॉनिटा ने कहा कि सहिया एवं सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं, जिनके समर्पण एवं सक्रिय सहभागिता से स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक सुलभ कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में सहिया दीदियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उपायुक्त ने आगे कहा कि टीबी जैसी संक्रामक बीमारी को जड़ से समाप्त करने के लिए सामुदायिक स्तर पर जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी को टीबी के लक्षणों की समय पर पहचान, मरीजों को चिन्हित करने, जांच एवं पूर्ण उपचार सुनिश्चित करने पर बल देते हुए कहा कि “टीबी हारेगा, देश जीतेगा” के संकल्प को साकार करने हेतु सभी का सामूहिक प्रयास जरूरी है।
उन्होंने यह भी कहा कि जनसहभागिता, नियमित मॉनिटरिंग एवं स्वास्थ्य कर्मियों के समन्वित प्रयास से ही टीबी मुक्त समाज का निर्माण संभव है। साथ ही उन्होंने सहिया एवं स्वास्थ्य पदाधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं संवेदनशीलता के साथ करने हेतु प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान सहिया दीदियों, सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों समेत अन्य को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही विश्व यक्ष्मा दिवस के अवसर पर टीबी उन्मूलन के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष बल दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि समय पर पहचान, उचित उपचार एवं जनसहभागिता से यक्ष्मा जैसी गंभीर बीमारी पर नियंत्रण पाया जा सकता है। इसके अलावा उन्होंने गर्भवती महिलाओं का शत प्रतिशत एएनसी सुनिश्चित करने का निर्देश सभी सहिया दीदियों को दिया गया। जिससे स्वास्थ्य बच्चों का जन्म हो। उन्होंने अच्छे से कार्य करने हेतु सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं दिया।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी, चिकित्सा कर्मी, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी, डीपीएम, डीपीसी, WHO कंसल्टेंट, सहिया दीदियाँ एवं अन्य संबंधित जन उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर टीबी मुक्त समाज के निर्माण हेतु संकल्प लिया।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी

No Previous Comments found.