विधायक रामसूर्या मुंडा की अपील: मुरहू घटना निंदनीय, शांति और भाईचारा बनाए रखेंने का अपील
खूंटी : खूंटी विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामसूर्या मुंडा ने मुरहू प्रखंड में हाल ही में घटी घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए इसे अत्यंत निंदनीय बताया है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं हमारे समाज की उन वर्षों पुरानी परंपराओं और मूल्यों पर सवाल खड़ा करती हैं, जिनमें भाईचारा, शांति, प्रेम और पर्व-त्योहारों की सुंदरता समाहित है।
विधायक ने कहा कि कुछ असामाजिक और संकीर्ण सोच रखने वाले लोगों के कारण इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं, जो पूरे समाज की छवि को धूमिल करती हैं। यह हम सभी के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि सबसे पहले हम इंसान हैं और इंसानियत ही हमारी सबसे बड़ी पहचान है।
उन्होंने आगे कहा कि ताकत प्रदर्शन या एक-दूसरे को नीचा दिखाने की प्रवृत्ति केवल समस्याओं को बढ़ाती है। हम सभी को इसी क्षेत्र में रहना, कमाना और जीवन यापन करना है, इसलिए आपसी प्रेम, समझदारी और सहयोग ही हमारा सही मार्ग है।
विधायक ने खूंटी जिले की पहचान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह क्षेत्र अपनी पवित्रता, खेल प्रतिभाओं की नर्सरी, मुंडा समुदाय के गौरवशाली इतिहास और पंचघाघ जलप्रपात जैसे प्राकृतिक स्थलों के लिए जाना जाता है। मुरहू की पहचान भी यहां की एकता और सौहार्द से बनी है। ऐसे में रामनवमी जैसे पवित्र पर्व के दौरान इस प्रकार की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने सभी समुदायों से अपील करते हुए कहा कि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो, इसके लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा और आपसी मित्रता एवं विश्वास को बनाए रखना होगा।
प्रशासन से भी उन्होंने आग्रह किया कि किसी निर्दोष व्यक्ति पर कार्रवाई न हो, बल्कि जो लोग माहौल बिगाड़ने का प्रयास करते हैं, उनके खिलाफ सख्त और निष्पक्ष कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी इस प्रकार का दुस्साहस न कर सके।
अंत में विधायक रामसूर्या मुंडा ने कहा,
“खूंटी की पहचान उसकी एकता, संस्कृति और भाईचारा है। इसे हर हाल में बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।”
उन्होंने मुरहू एवं समस्त खूंटी वासियों से शांति बनाए रखने, प्रशासन पर भरोसा रखने तथा सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों से दूर रहने की अपील की।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी
No Previous Comments found.