भाजपा जिलाध्यक्ष आनंद कुमार ने जताया शोक,पीड़ित परिवार से मिले
खूंटी : कर्रा प्रखंड के मास्को गांव में शनिवार सुबह एक दर्दनाक घटना में जंगली हाथी के हमले से 47 वर्षीय जेवियर होरो (पिता– लाचु मुंडा) की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जेवियर होरो सुबह अपने बारी, जो करो नदी के उस पार लापुंग थाना क्षेत्र में स्थित है, मिर्च तोड़ने गए थे। इसी दौरान करीब सात बजे वह जंगल किनारे शौच के लिए जा रहे थे, तभी अचानक एक जंगली हाथी वहां आ गया। हाथी को देख जेवियर भागने लगे, लेकिन हाथी ने उन्हें दौड़ाकर सूंड में लपेट लिया, जमीन पर पटक दिया और पैर से सीने व सिर को कुचल दिया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
कुछ देर बाद उनकी पत्नी सुशीला केरकेट्टा जब बारी पहुंचीं और पति को खोजने लगीं, तब उन्होंने जेवियर को मृत अवस्था में पड़ा देखा। वह रोते-बिलखते गांव पहुंचीं और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत कर्रा वन विभाग और लापुंग पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रांची स्थित रिम्स भेज दिया। कर्रा वन विभाग के फोरेस्टर राकेश कुमार ने मृतक की पत्नी को तत्काल 15 हजार रुपये की सहायता राशि दी तथा आश्वासन दिया कि आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद अन्य मुआवजा भी प्रदान किया जाएगा।
मृतक के परिवार में दो बेटियां सोनिया होरो, दिव्यानी होरो और एक बेटा सूजित होरो हैं। घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलने पर खूंटी जिला भाजपा अध्यक्ष आनंद कुमार एवं जिला महामंत्री निखिल कंडुलना पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में भाजपा परिवार उनके साथ खड़ा है। इस दौरान उन्होंने परिजनों को एक पैकेट चावल भी उपलब्ध कराया।
जेवियर होरो की असामयिक मृत्यु से मास्को गांव में शोक की लहर व्याप्त है।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी

No Previous Comments found.