भाजपा खूंटी जिला अध्यक्ष आनंद कुमार मुख्य अतिथि, तिलमी मंडा झूलन कार्यक्रम के साथ सम्पन्न

खूंटी : कर्रा प्रखंड के ऐतिहासिक तिलमी मंडा का आयोजन शनिवार को झूलन कार्यक्रम के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा खूंटी जिला अध्यक्ष आनंद कुमार शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत पंडित संजय गोस्वामी द्वारा मंदिर परिसर के शुद्धिकरण से हुई। इसके पश्चात 51 भगतियों ने 9 दिनों तक निर्जला उपवास एवं अल्पाहार रहकर भगवान भोलेनाथ की भक्ति में लीन रहकर पूजा-अर्चना की। पंडित द्वारा सभी धार्मिक अनुष्ठान विधि-विधान से संपन्न कराए गए।
शुक्रवार की रात आयोजित धुआं-सुआ और फुलकुदी कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने दहकते अंगारों पर नंगे पांव चलकर अपनी अटूट आस्था और भक्ति का परिचय दिया। शनिवार को भगतियों द्वारा आस्था के फूल बरसाए गए, जिन्हें प्राप्त करने के लिए श्रद्धालुओं में होड़ मच गई। महिलाओं ने आंचल फैलाकर और पुरुषों ने छाता खोलकर गुलइची फूल को श्रद्धापूर्वक ग्रहण किया।
झूलन कार्यक्रम के उपरांत आर्केस्ट्रा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि आनंद कुमार एवं विशिष्ट अतिथि जिला महामंत्री निखिल कंडुलना ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मंडा पूजा आस्था, भक्ति और शक्ति का प्रतीक है तथा हमें अपने पूर्वजों के बताए मार्ग पर चलकर अपनी संस्कृति और परंपराओं को सहेजकर रखना चाहिए।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में गायक केशव देवी ने “जय शंकर भोलेनाथ” भजन से शुरुआत की। इसके बाद गायक जितेंद्र नायक, सरिता बाड़ाईक, विन्देश्वरी देवी और फुलमनी कुमारी ने नगपुरी, ठेठ, आधुनिक, खोरठा एवं उरांव गीत प्रस्तुत कर लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं डांसर पिंकी और खुशबू ने अपने नृत्य से माहौल को और भी खुशनुमा बना दिया।
मंडा के अवसर पर लगे मेले में खिलौने, मिठाई, बदाम, ईख एवं घरेलू सामानों की जमकर खरीदारी की गई।
मंडा पूजा सह मेला के सफल आयोजन में अध्यक्ष भरत साहु, सचिव देवेंद्र महतो, शिवप्रसाद जी, हलुनाथ साहु, बिनोद, मोहन, अजय, हिरालाल, राम अवतार, मनभरन, प्रभु, प्रेम सागर सहित ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.