नाबालिग दुष्कर्म प्रयास व हत्या समेत 6 आरोपी गिरफ्तार
खूंटी : खूंटी अनुमंडल क्षेत्र के तीन अलग अलग थाना क्षेत्र में घटित मामलों में खूंटी पुलिस ने बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए मात्र 15 दिनों में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया। इन मामलों में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की छापामारी अब भी जारी है। खूंटी पुलिस ने मुरहू थाना, अड़की थाना और सायको थाना क्षेत्र में घटित अलग अलग मामलों में आधा दर्जन आरोपियों को जेल भेजा।
प्रेस वार्ता आयोजित कर खूंटी पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने बताया कि मुरहू, अड़की और सायको थाना क्षेत्र में घटित अलग अलग मामलों के छह आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न सुसंगत धाराओं पर कार्रवाई करते हुए जेल भेजा।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में एक मामला नाबालिग से दुष्कर्म का प्रयास तथा जानलेवा हमला है जिसमें अड़की थाना क्षेत्र का बीरबांकी निवासी मासी समद गिरफ्तार किया गया। यह मामला 15 अप्रैल 2026 को दर्ज कराया गया था। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत साक्ष्य जुटाते हुई त्वरित कार्रवाई की और आरोपी को धर दबोचा।
वहीं दूसरी तरफ सायको थाना में 24 अप्रैल 2026 को दर्ज लापता मृत युवक इंद्रदेव मुंडा से जुड़ा मामला है जिसमें पुलिस ने जंगल से पत्थर ढका शव बरामद किया था। इस मामले में सायको पुलिस ने बाड़ीडीह बलँगा निवासी चार हत्यारोपियों को धर दबोचा। हत्यारोपियों में चांदे मुंडा, लोले मुंडा, कांडा मुंडा और नारे मुंडा शामिल है। जिसमें तीन आरोपी 19 वर्ष तथा एक आरोपी 27 वर्ष का है।
तीसरा मामला 19 अप्रैल 2026 को अड़की थाना क्षेत्र के पेटोबेड़ा निवासी पंचराम मुंडा की हत्या से जुड़ा मामला है। हत्या मामले में पुलिस ने अड़की थाना क्षेत्र के धारा निवासी 18 वर्षीय रंका मुंडा को गिरफ्तार किया है।
अलग अलग तीन थाना क्षेत्रों के मामलों ने पुलिस छापामारी टीम में एसडीपीओ, अड़की, सायको और मुरहू थाना प्रभारी, खूंटी अंचल पुलिस निरीक्षक, सशस्त्र बल समेत तीनों थाना की पुलिस बल शामिल थी।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी

No Previous Comments found.