नव-नियुक्त एसपी से मिले युवा कांग्रेस के ज़िला अध्यक्ष,अपराध नियंत्रण पर हुआ गंभीर मंथन
खूंटी : खूंटी ज़िला युवा कांग्रेस के ज़िला अध्यक्ष आमिर हुसैन के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को नव-नियुक्त पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग से उनके कार्यालय में शिष्टाचार मुलाक़ात की। इस दौरान जिले में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने को लेकर अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुलाक़ात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने जिले में बढ़ते अपराधों पर नियंत्रण, रात्रि गश्ती को और अधिक प्रभावी बनाने तथा पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय एवं विश्वास कायम करने जैसे विषयों को प्रमुखता से उठाया।
इस अवसर पर ज़िला अध्यक्ष आमिर हुसैन ने कहा,
“खूंटी युवा कांग्रेस आम जनता की सुरक्षा और जिले में शांति व्यवस्था को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अपराधमुक्त और सुरक्षित खूंटी के निर्माण के लिए युवा कांग्रेस प्रशासन के साथ हर सकारात्मक पहल में मजबूती से खड़ी रहेगी।”
वहीं, नव-नियुक्त एसपी ऋषभ गर्ग ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि अपराध नियंत्रण, जन-सुरक्षा और पुलिस–जनता के बीच बेहतर संबंध स्थापित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी

No Previous Comments found.