विधिक जागरूकता की नई पहल: एलईडी वैन को हरी झंडी, 90 दिवसीय अभियान का पहला चरण शुरू
खूंटी : खूंटी जिले के सुदूर एवं जनजातीय क्षेत्रों तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए), खूंटी ने एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत की है। मंगलवार को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, डीएलएसए, खूंटी, श्री रसिकेश कुमार ने झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (झालसा), रांची द्वारा उपलब्ध कराई गई एलईडी जागरूकता वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह एलईडी वैन विधिक जागरूकता टीम के साथ जिले के दूर-दराज क्षेत्रों का भ्रमण करेगी और पंचायत स्तर पर लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करेगी। वैन के माध्यम से विभिन्न जागरूकता वीडियो और नालसा गीत का प्रसारण भी किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक लोगों तक संदेश पहुंच सके।
90 दिवसीय अभियान का शुभारंभ
गौरतलब है कि डीएलएसए, खूंटी द्वारा 28 अप्रैल 2026 से 90 दिवसीय गहन विधिक जागरूकता एवं पहुंच कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। यह अभियान तीन चरणों में पूरे जिले में संचालित किया जाएगा, जिसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों के लोगों को उनके विधिक अधिकारों, पात्रताओं और उपलब्ध निःशुल्क सेवाओं की जानकारी देना है।
पहले 15 दिनों में इन पंचायतों पर फोकस
अभियान के प्रथम 15-दिवसीय कार्ययोजना के तहत एलईडी वैन जिले के सभी छह प्रखंडों का दौरा करेगी। इस दौरान सोडे, तिरला, सोंदारी, हीथ गोवा, हकाजांग, गुटजोरा, तंबा, टिंटिला, तपकारा, कुड़ा, बकासपुर, तिलमा, बनई, सोसो कुट्टी और उरिकेल पंचायतों को विशेष रूप से कवर किया जाएगा।
क्या होंगी प्रमुख गतिविधियां
विधिक जागरूकता टीम गांव-गांव जाकर लोगों से सीधे संवाद स्थापित करेगी और—
नालसा एवं झालसा की योजनाओं की जानकारी देगी
केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताएगी
नागरिकों को उनके मौलिक एवं विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करेगी
वंचित एवं कमजोर वर्गों को विधिक साक्षरता के माध्यम से सशक्त बनाएगी
अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाने की पहल
डीएलएसए, खूंटी की यह पहल समाज के कमजोर वर्गों तक निःशुल्क और सुलभ विधिक सेवाएं पहुंचाने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। एलईडी वैन के माध्यम से चलाया जा रहा यह अभियान जिले के सुदूर इलाकों में विधिक जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी

No Previous Comments found.