चौकीदार पुलिस-प्रशासन और ग्रामीणों की रीढ़: सीओ अन्वेशा ओना
खूँटी : कर्रा थाना परिसर स्थित स्वागत कक्ष में बुधवार को थाना क्षेत्र के ग्रामीण पुलिस चौकीदारों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कर्रा सीओ अन्वेशा ओना ने की, जबकि थाना प्रभारी दीपक कांत भी उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए सीओ अन्वेशा ओना ने चौकीदारों को पुलिस-प्रशासन और ग्रामीणों के बीच सबसे मजबूत कड़ी बताते हुए कहा कि वे क्षेत्र की “रीढ़” हैं। उन्होंने सभी चौकीदारों को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्र की गतिविधियों की जानकारी प्रतिदिन थाना प्रभारी और उन्हें उपलब्ध कराएं। यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति क्षेत्र में घूमता दिखाई दे, तो उसकी सूचना तत्काल दें।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक चौकीदार को अपने बीट क्षेत्र की पूरी जानकारी होनी चाहिए और गांवों की समस्याओं को भी समझकर समय पर प्रशासन तक पहुंचाना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि कई बार पीएलएफआई जैसी घटनाओं की जानकारी उन्हें अधिकारियों या समाचार माध्यमों से मिलती है, जो चौकीदारों के लिए शर्म की बात है।
सीओ ने स्पष्ट किया कि उपायुक्त (डीसी) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) के निर्देशानुसार क्षेत्र में शांति व्यवस्था हर हाल में बनाए रखना है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई चौकीदार अपने कर्तव्यों में लापरवाही बरतता है, तो उसके विरुद्ध कारण बताओ नोटिस (शो कॉज) जारी किया जाएगा और इसकी प्रतिलिपि एसडीओ, डीसी और एसपी को भेजी जाएगी।
बैठक में उन्होंने यह भी बताया कि सात गांव—तिग्गा, केदली, डुमरगड़ी, सुनगी, बुढ़का, जलटंडा और घासीबारी—के ग्राम प्रधान को हटाने के लिए ग्रामीणों द्वारा आवेदन दिया गया है, लेकिन इसकी सूचना किसी भी चौकीदार ने नहीं दी, जो गंभीर लापरवाही है।
सीओ ने बताया कि कर्रा थाना क्षेत्र के बिनगांव, मानपुर और हाकाजांग बीट वर्तमान में खाली हैं। ऐसे में आसपास के चौकीदारों को अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
थाना प्रभारी दीपक कांत ने भी चौकीदारों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार उन्हें इसलिए नियुक्त करती है ताकि क्षेत्र की समस्याएं समय पर पुलिस प्रशासन तक पहुंच सकें और उनका त्वरित समाधान हो सके। उन्होंने चौकीदारों से निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक में कर्रा थाना क्षेत्र के महिला एवं पुरुष चौकीदार बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी


No Previous Comments found.