मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, खूँटी के शैक्षणिक गतिविधियों एवं सीबीएसई बोर्ड परीक्षा परिणाम की समीक्षा

खूंटी : उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, खूँटी के शैक्षणिक गतिविधियों एवं सीबीएसई बोर्ड परीक्षा परिणाम की समीक्षा की, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर रिजल्ट सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त  सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, खूँटी के प्रधानाध्यापक, विद्यालय स्टाफ, शिक्षक एवं शिक्षिकाओं के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में इस वर्ष 10वीं सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में उत्तीर्ण हुए छात्रों, कंपार्टमेंटल परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों तथा आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए छात्रों की बेहतर तैयारी सुनिश्चित करने को लेकर विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने विद्यालय के इस वर्ष के परीक्षा परिणाम पर नाराजगी व्यक्त करते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को सभी विषयों की बेहतर एवं नियमित पढ़ाई सुनिश्चित कराई जाए, ताकि आगामी बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त हो सके।

उपायुक्त ने विशेष रूप से हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान समेत अन्य विषयों की नियमित एवं प्रभावी पढ़ाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्रों को विषयवार मजबूत तैयारी कराई जाए तथा उनकी शैक्षणिक प्रगति की लगातार मॉनिटरिंग की जाए।

इसके अतिरिक्त इस वर्ष 10वीं सीबीएसई बोर्ड में कंपार्टमेंटल परीक्षा देने वाले छात्रों को बेहतर मार्गदर्शन एवं विशेष शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, जिससे वे परीक्षा में सफल हो सकें।

बैठक में उपस्थित जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा अधीक्षक को विद्यालय में नियमित रूप से पठन-पाठन की समीक्षा करने तथा शैक्षणिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए गए।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.