उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में जिला खेल संचालन समिति की बैठक आयोजित
खूंटी : समाहरणालय सभागार, खूँटी में आज उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में जिला खेल संचालन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला खेल पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला ओलंपिक संघ, जिला हॉकी संघ के पदाधिकारी, आवासीय प्रशिक्षण केंद्रों एवं सभी डे-बोर्डिंग प्रशिक्षण केंद्रों के प्रशिक्षक उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान उपायुक्त द्वारा जिले में खेल गतिविधियों को सुदृढ़ एवं व्यवस्थित करने हेतु कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। बैठक में खूँटी जिला अंतर्गत नव स्वीकृत 3 आवासीय प्रशिक्षण केंद्रों को चयनित खिलाड़ियों की जिला स्तरीय चिकित्सा जांच के उपरांत नामांकन कर जल्द से जल्द प्रारंभ करने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में खिलाड़ियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा कर्मी, सफाई कर्मी एवं ग्राउंड्समैन नियुक्त करने हेतु विभाग को पत्राचार करने का निर्देश दिया।
वर्तमान में डे-बोर्डिंग प्रशिक्षण केंद्र, तोरपा गोविंदपुर में सुरक्षा की दृष्टि से मैदान घेराव कार्य किया जा रहा है। साथ ही दो अन्य डे-बोर्डिंग प्रशिक्षण केंद्र जाते एवं मरंगहदा में भी घेराव कार्य कराने हेतु संबंधित विभाग को पत्राचार करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में रनिया प्रखंड में नए हॉकी डे-बोर्डिंग प्रशिक्षण केंद्र प्रारंभ करने पर भी विचार-विमर्श किया गया। इसके अतिरिक्त प्रत्येक वर्ष खूँटी में “खूँटी खेल महोत्सव” के आयोजन को लेकर चर्चा की गई तथा जिला खेल पदाधिकारी को प्रस्ताव उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त द्वारा जिले के सभी प्रशिक्षण केंद्रों में प्रत्येक माह खिलाड़ियों का चिकित्सा जांच कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही Food Safety Department के फूड सेफ्टी इंस्पेक्टर द्वारा महीने में 2-3 बार भोजन की गुणवत्ता जांच सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में जिले में खेल सुविधाओं के विस्तार, खिलाड़ियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं बेहतर प्रशिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी


No Previous Comments found.