अफीम के विरुद्ध मरांगहादा थाना पुलिस ने सुदूरवर्ती गांव रुगुदडीह में चलाया जन जागरूकता अभियान
खूंटी : खूंटी पुलिस लगातार अवैध अफीम की खेती के विरुद्ध जन जागरूकता अभियान चलाती रही है। विगत दो वर्षों में अफीम की खेती में लगातार कमी आई है। साथ ही अवैध अफीम की खेती और तस्करी करने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर पुलिस ने अफीम खरीद बिक्री करने वालों को सलाखों के पीछे भेजा है।
इसी क्रम में एसपी ऋषभ गर्ग के निर्देश पर थाना प्रभारी विकास जायसवाल की अगुवाई में मरांगहादा थाना पुलिस टीम ने सुदूरवर्ती गांव रुगुदडीह में वृहस्पतिवार को अफीम की खेती के विरुद्ध जन जागरूकता अभियान चलाया। गांव के बुजुर्गों और युवाओं के समूह को एकत्रित कर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत होने वाले कानूनी सजा के प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अविध अफीम की खेती करते हुए पकड़े जाने पर दस वर्ष की सजा और जुर्माना का प्रावधान है। अफीम के साथ पकड़े जाने पर 20 वर्ष की सजा और जुर्माना लगाया गया है तथा डोडा के साथ पकड़े जाने पर जुर्माना और दस वर्ष की सजा का प्रावधान किया गया है। खूंटी पुलिस ने बैनर पोस्टर के माध्यम से भी बताया है कि अफीम के साथ पकड़े जाने वाले युवकों को डेढ़ लाख रुपए जुर्माना तथा 15 वर्ष की सजा दी जाएगी।
मरांगहादा थाना पुलिस टीम द्वारा रुगुदडीह गांव में ने जागरूकता अभियान चलाने से लांदूप पंचायत के गाड़ामाड़ा, सिरूम, कुरकुटा समेत दर्जनों गांवों में इसका सकारात्मक असर दिखने की उम्मीद की जा रही है। आसपास के युवाओं ने वैकल्पिक खेती के लिए सरकार से कृषि संबंधी सुविधाएं, प्रशिक्षण और सिंचाई सुविधा बहाल करने भी मांग की है।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी
No Previous Comments found.