उपायुक्त मो० जावेद हुसैन ने सामाजिक सुरक्षा, बाल संरक्षण, श्रम, नियोजन एवं प्रशिक्षण विभाग के कार्यों की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश

खूंटी : उपायुक्त मो० जावेद हुसैन की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभागार में सामाजिक सुरक्षा, बाल संरक्षण, श्रम, नियोजन एवं प्रशिक्षण विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागों द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। 

सामाजिक सुरक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न पेंशन योजनाओं में छूटे हुए लाभुकों की पहचान कर उनका शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए विशेष अभियान चलाने पर बल दिया। ㅤ

बाल संरक्षण से संबंधित योजनाओं की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने देखरेख एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों (CNCP) को ससमय बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष प्रस्तुत करने तथा अधिक से अधिक बच्चों को स्पॉन्सरशिप योजना से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने चाइल्ड हेल्पलाइन इकाई को थाना स्तर पर समन्वय स्थापित करते हुए बस पड़ाव, हाट-बाजार एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर नियमित औचक निरीक्षण करने तथा बाल श्रम, बाल विवाह एवं बच्चों से जुड़े अन्य संवेदनशील मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। ㅤ

नियोजन विभाग की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने जिला एवं प्रखंड स्तर पर नियमित रोजगार शिविर आयोजित कर अधिकाधिक बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ने तथा निजी एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों के साथ समन्वय स्थापित कर युवाओं के नियोजन को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। ㅤ

श्रम विभाग की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने विभाग द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों का अधिकाधिक पंजीकरण सुनिश्चित करने तथा उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। ㅤ

बैठक में सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा-सह-जिला नियोजन पदाधिकारी, जिला श्रम अधीक्षक, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी उपस्थित थे। ㅤ

रिपोर्टर : शहीद अंसारी 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.