खूंटी मोहना टोली में स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर आयोजित, 4 यूनिट रक्त संग्रहित

खूंटी : सदर अस्पताल खूंटी स्थित रक्त केंद्र के तत्वावधान में खूंटी नगर पंचायत के वार्ड संख्या-6 स्थित मोहना टोली सामुदायिक भवन में स्वास्थ्य जांच एवं स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. आनंद किशोर उरांव एवं वार्ड पार्षद शिखा देवी ने संयुक्त रूप से किया।

इस अवसर पर संबोधित करते हुए डॉ. आनंद किशोर उरांव ने कहा कि जिले में थैलेसीमिया पीड़ित मरीजों, गर्भवती महिलाओं एवं दुर्घटनाग्रस्त मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रक्त केंद्र द्वारा लगातार स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने इस पुनीत पहल के लिए वार्ड पार्षद की सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों के सहयोग से आयोजित ऐसे शिविरों से लोगों में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ती है तथा समाज में सकारात्मक संदेश जाता है।
वार्ड पार्षद शिखा देवी ने कहा कि “रक्तदान महादान है” और प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को अपने सामाजिक दायित्व का निर्वहन करते हुए नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए।
रक्त केंद्र के काउंसलर निशांत झा ने बताया कि रक्तदान को लेकर लोगों के मन में अनेक प्रकार की भ्रांतियां व्याप्त हैं, जिन्हें उचित परामर्श एवं जागरूकता के माध्यम से दूर किया जा रहा है।
शिविर में पवन कुमार, योगेन्द्र कुमार, संजीत कुमार एवं जितेन्द्र कुमार ने स्वेच्छा से रक्तदान कर कुल 4 यूनिट रक्त संग्रहित कराया।
शिविर को सफल बनाने में स्वास्थ्य सहिया बेबी देवी तथा रक्त केंद्र की सुषमा कुजूर, ममता कुमारी, अंजनी कुमारी एवं सुनीता देवी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.