वर्षों से अधूरा NH-20: सड़क निर्माण की आस टूटने पर ग्रामीणों ने सिंगबोंगा से लगाई गुहार
मुरहू (खूंटी) : मुरहू प्रखंड के इंदीपीड़ी पंचायत अंतर्गत साड़ीगांव के समीप रांची–चाईबासा राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-20) का लगभग आधा किलोमीटर हिस्सा वर्षों से अधूरा पड़ा हुआ है। इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। मंत्री, सांसद, विधायक, प्रशासनिक अधिकारी सहित आम लोग भी इसी मार्ग से आवागमन करते हैं, लेकिन वर्षों से अधूरी पड़ी सड़क को पूरा कराने की दिशा में अब तक कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है।
सोमवार को इस गंभीर समस्या को लेकर साड़ीगांव के ग्रामीण, ग्राम पंचायत इंदीपीड़ी के मुखिया एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि एकत्र हुए। ग्रामीणों ने बताया कि अधूरी सड़क के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। कई लोग घायल हो चुके हैं, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। खूंटी विधायक द्वारा इस मुद्दे को सदन में भी उठाया जा चुका है। वहीं ग्राम पंचायत इंदीपीड़ी के मुखिया भी लगातार संबंधित विभागों के समक्ष सड़क निर्माण की मांग उठाते रहे हैं, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक परिणाम सामने नहीं आया।
लगातार अनदेखी से निराश होकर ग्रामीणों ने अपनी पारंपरिक आस्था के अनुसार ग्राम के पाहन द्वारा रंगवा मुर्गा की पूजा-अर्चना कर भगवान सिंगबोंगा से सड़क निर्माण कार्य शीघ्र पूरा होने की प्रार्थना की। ग्रामीणों का कहना है कि जब विभागीय स्तर पर सुनवाई नहीं हुई तो अंततः उन्होंने अपनी पीड़ा भगवान सिंगबोंगा के समक्ष रखी।
इस अवसर पर पाहन बीरसिंह पाहन, ग्राम प्रधान नंदलाल कुमार मुंडा, बीरसिंह मनकी, सुखराम मुंडा, जुड़न सिंह मनकी, बसु पूर्ति, चामू सिंह मनकी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत इंदीपीड़ी के मुखिया सुखराम सरूकद भी मौजूद रहे।
मुखिया सुखराम सरूकद ने कहा कि यह राष्ट्रीय राजमार्ग NH-20 का मामला होने के कारण सड़क निर्माण राज्य सरकार और केंद्र सरकार से जुड़े विभागों के बीच समन्वय का विषय बन गया है। उन्होंने बताया कि खूंटी रोड डिवीजन और चाईबासा रोड डिवीजन से कई बार संपर्क किया गया, लेकिन किसी भी स्तर से स्पष्ट और ठोस जवाब नहीं मिला। इसी कारण ग्रामीणों को अपनी पीड़ा व्यक्त करने के लिए यह प्रतीकात्मक पूजा-अर्चना करनी पड़ी।
उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि संबंधित विभाग इस मामले का शीघ्र संज्ञान लेंगे। साथ ही केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री से भी इस अधूरे सड़क निर्माण की ओर तत्काल ध्यान देने की अपील की। मुखिया ने चेतावनी दी कि यदि 20 दिनों के भीतर निर्माण कार्य शुरू करने की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो ग्रामीण लोकतांत्रिक तरीके से NH-20 को जाम कर सड़क निर्माण की मांग को लेकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी
No Previous Comments found.