तजना नदी पुल डबल मर्डर केस का खुलासा, एक महिला समेत 6 गिरफ्तार

खूंटी : खूंटी में तजना नदी पुल के पास मिले युवक और महिला के दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। प्रेम प्रसंग और आपसी रंजिश हत्या की वजह बनी। एसआईटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत 6 हत्यारोपियों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार हत्यारोपियों में कुन्दन प्रमाणिक उर्फ संजीत, जितेन्द्र सिंह उर्फ जायरा, रितेश चीक बड़ाईक, मदन ठाकुर उर्फ मदन प्रमाणिक, सती देवी (महिला) और विजय रंजन शर्मा शामिल हैं।

पुलिस ने इनके पास से हत्या में प्रयुक्त एक स्कॉर्पियो, हत्या में प्रयुक्त लोहे का रॉड, चार मोबाइल,  मृतकों का जलाया गया वस्त्र, मृतक का बाइक, चप्पल और मृतक महिला का सैंडल बरामद किया गया।

खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर बताया कि 10 जुलाई को खूंटी थाना क्षेत्र के घाघरा स्थित तजना नदी पुल के पास एक युवक और एक महिला का शव मिला था। इस मामले में खूंटी थाना में कांड संख्या 96/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया।

जांच में पुलिस ने सबसे पहले कुन्दन प्रमाणिक उर्फ संजीत को पकड़ा। पूछताछ के बाद पुलिस ने जितेन्द्र सिंह उर्फ जायरा, रितेश चीक बड़ाईक, मदन ठाकुर उर्फ मदन प्रमाणिक, सती देवी और विजय रंजन शर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में चार आरोपी गुमला के करंज थाना क्षेत्र के डूड़िया और दो आरोपी रांची के बुण्डू थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।

पुलिस के अनुसार, प्रेम प्रसंग और आपसी रंजिश के कारण इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया गया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए बनी एसआईटी में खूंटी डीएसपी मंगल सिंह जामुदा, खूंटी थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह, आदित्य कुमार, कुंदन कुमार, अमरजीत सिंकू, सुधीर कुमार यादव, निशा कुमारी, तकनीकी शाखा और सशस्त्र बल खूंटी की टीम शामिल थी।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.