खूंटी भाजपा जिलाध्यक्ष आनंद कुमार ने गडकरी से की मुलाकात, सड़क परियोजना में तेजी लाने का आग्रह
खूंटी : खूंटी में बहुप्रतीक्षित तुपुदाना- कुंदीबारटोली फोरलेन एनएच-20 एवं खूंटी बाइपास निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू कराने की मांग तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी, खूंटी जिला अध्यक्ष आनंद कुमार ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र भेजकर परियोजना पर जल्द कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
भाजपा जिला अध्यक्ष आनंद कुमार ने 28 जुलाई 2026 को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को भेजे गए पत्र में कहा है कि तुपुदाना से कुंदीबारटोली तक एनएच-20 (पुराना एनएच-75E) के फोरलेन निर्माण तथा खूंटी बाइपास परियोजना के लिए भारत सरकार द्वारा 22 अगस्त 2024 को भूमि अधिग्रहण संबंधी गजट प्रकाशित किया जा चुका है। इसके बावजूद राज्य सरकार के स्तर पर भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ़ रही है, जिससे परियोजना शुरू होने में विलंब हो रहा है।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि इस परियोजना का शिलान्यास 10 मार्च को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी द्वारा किया गया था। लगभग 1907.31 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना के तहत तुपुदाना से कुंदीबारटोली तक करीब 31.31 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क का निर्माण होना है, जिसमें खूंटी बाइपास भी शामिल है।
उन्होंने बताया कि परियोजना के लिए लगभग 156.6 हेक्टेयर निजी भूमि तथा 15 हेक्टेयर वन भूमि का अधिग्रहण किया जाना है। पत्र के माध्यम से उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया है कि आवश्यक कार्रवाई कर इस महत्वपूर्ण परियोजना का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाए, ताकि खूंटी सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर सड़क सुविधा का लाभ मिल सके।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी
No Previous Comments found.