परिवार नियोजन कार्यक्रम में बेहतर प्रदर्शन करने वाले सेवा प्रदाता हुए सम्मानित

खूंटी : सदर अस्पताल खूंटी स्थित सिविल सर्जन सभागार में परिवार नियोजन कार्यक्रम के अंतर्गत विश्व जनसंख्या स्थिरता अभियान के दौरान परिवार नियोजन सेवाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले चिकित्सा पदाधिकारियों, स्वास्थ्य कर्मियों एवं सहियाओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सिविल सर्जन डॉ. ललित रंजन पाठक ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ सिविल सर्जन डॉ. ललित रंजन पाठक द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि परिवार नियोजन से न केवल परिवार का विकास होता है, बल्कि मातृत्व स्वास्थ्य एवं शिशु स्वास्थ्य भी बेहतर होता है। वर्तमान परिस्थिति में सभी स्वास्थ्य कर्मियों का कर्तव्य है कि योग्य दंपतियों को परिवार नियोजन की विभिन्न विधियों से जोड़ने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
जिला परिवार नियोजन पदाधिकारी डॉ. रजनी नीलम टोप्पो ने बताया कि योग्य दंपतियों को परिवार नियोजन विधियों से जोड़ने के लिए विभिन्न गतिविधियां की जा रही हैं। इनमें सास-बहू पति सम्मेलन, परिवार कल्याण दिवस, मिशन परिवार विकास सहित अन्य कार्यक्रम शामिल हैं। उन्होंने बेहतर प्रदर्शन करने वाले सभी कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए खूंटी जिले को और बेहतर करने के लिए निर्देशित किया।
जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ. शोभा किस्पोट्टा ने कहा कि दो बच्चों के बीच उचित अंतराल बनाए रखने के साथ-साथ टीनेज प्रेग्नेंसी पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है।
जिला कार्यक्रम प्रबंधक कानन बाला तिर्की ने बताया कि परिवार नियोजन कार्यक्रम में एक नई विधि इंप्लांट विधि जुड़ गई है, जो महिलाओं के लिए काफी असरदार है। यह विधि प्रतिदिन जिला अस्पताल में प्रशिक्षित सेवा प्रदाताओं द्वारा उपलब्ध कराई जा रही है।
कार्यक्रम के अंत में परिवार नियोजन सेवाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले चिकित्सा पदाधिकारी, एएनएम, जीएनएम, काउंसलर, सहिया एवं परिवार नियोजन बीटीटी को सम्मानित किया गया। वहीं, सबसे उत्कृष्ट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का पुरस्कार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कर्रा को दिया गया।
कार्यक्रम का संचालन काउंसलर निशांत झा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन ललन महतो ने किया।
इस अवसर पर जिला मलेरिया पदाधिकारी डॉ. संजय कुजुर, उपाधीक्षक डॉ. आनंद किशोर उरांव, जिला कार्यक्रम समन्वयक डॉ. उदयन शर्मा, जिला डाटा प्रबंधक श्वेता सिंह, जिला लेखा प्रबंधक विकास सिंह सहित अन्य उपस्थित थे।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.