खूंटी उपायुक्त मो० जावेद हुसैन ने स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की गहन समीक्षा कर दिए निर्देश

खूंटी : समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त मो० जावेद हुसैन की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग, खूंटी के कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अप्रैल 2026 से जून 2026 तक एएनसी (ANC) रजिस्ट्रेशन, संस्थागत प्रसव, वीएचएसएनडी (VHSND) दिवस, राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम, HIMS एवं UWIN रिपोर्टिंग, एमटीसी (MTC) केंद्रों का संचालन, आरबीएसके (RBSK), आईडीएसपी (IDSP), टीबी, मलेरिया सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की गहन समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी प्रखंडों में शत-प्रतिशत एएनसी रजिस्ट्रेशन एवं संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बिना उचित कारण मरीजों को रेफर नहीं करने तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी गर्भवती महिलाओं के संस्थागत प्रसव की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया।

उपायुक्त ने HIMS एवं UWIN पोर्टल पर शत-प्रतिशत रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कर्रा, तोरपा, खूंटी एवं मुरहू में संचालित एमटीसी केंद्रों की समीक्षा करते हुए बेड ऑक्यूपेंसी बढ़ाने, गंभीर कुपोषित बच्चों का समय पर पंजीकरण सुनिश्चित करने तथा पात्र बच्चों को उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक VHSND दिवस का प्रभावी आयोजन करने एवं इस अवसर पर एमटीसी केंद्रों की सेवाओं एवं लाभों की जानकारी आमजनों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया। बैठक में एमएएम एवं एसएएम बच्चों के लिए जिला स्तर पर पोषाहार की उपलब्धता, वर्तमान व्यवस्थाओं एवं कवरेज बढ़ाने के उपायों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में सर्पदंश के मामलों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ हीं पूर्व के सर्पदंश के मामलों की विस्तृत रिपोर्ट साझा करने को कहा गया। टीबी एवं मलेरिया की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने संभावित मरीजों की सघन जांच, समय पर पहचान एवं उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मलेरिया नियंत्रण के लिए आईआरएस (IRS) दवा का प्रभावी छिड़काव करने तथा इसके महत्व के संबंध में ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने एवं कवरेज बढ़ाने के निर्देश दिए।

बैठक में कुष्ठ रोग, अंधत्व निवारण कार्यक्रम एवं नेत्र स्वास्थ्य सेवाओं की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने मोबाइल आई वैन एवं मोबाइल डेंटल वैन का निर्धारित रोस्टर के अनुसार नियमित एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री डिजिटल हेल्थ योजना, आभा (ABHA) कार्ड एवं आयुष्मान भारत कार्ड की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने पात्र लाभुकों का अधिकतम कवरेज सुनिश्चित करने एवं लंबित कार्यों का शीघ्र निष्पादन करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी एमओआईसी से कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों के संचालन में यदि किसी प्रकार की समस्या या बाधा हो तो उसे तत्काल साझा करें, ताकि समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने अस्पताल भवनों की मरम्मत, जीर्णोद्धार अथवा अन्य आधारभूत संरचना संबंधी आवश्यकताओं का आकलन कर यथाशीघ्र प्रस्ताव उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जिससे आवश्यक कार्रवाई करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ किया जा सके।

उपायुक्त ने अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं सामुदायिक उप स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता, मरीजों के लिए बेड की नियमित साफ-सफाई, पेयजल, स्वच्छ एवं क्रियाशील शौचालय, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए पर्याप्त बैठने की व्यवस्था सहित सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में आने वाले प्रत्येक मरीज एवं उनके परिजनों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही सभी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को आपसी समन्वय के साथ सेवा भाव से कार्य करते हुए प्रत्येक मरीज को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने तथा मरीजों के प्रति संवेदनशील एवं जिम्मेदार व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इन व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण एवं सतत निगरानी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में उप विकास आयुक्त  प्रवीण कुमार प्रकाश, सिविल सर्जन, सभी एमओआईसी, चिकित्सक, डीडीएम, डीपीसी सहित स्वास्थ्य विभाग के संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.