खनिज कानून के संभावित प्रभावों को लेकर झामुमो का जनजागरण अभियान, झामुमो ज़िला जुबैर अहमद के निर्देश पर ग्रामीणों को किया जागरूक
खूंटी : झामुमो खूंटी जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद के निर्देश पर झारखंड के खनिज संसाधनों से जुड़े मुद्दों, केंद्र सरकार द्वारा सेस हटाए जाने तथा प्रस्तावित खान एवं खनिज विकास एवं विनियमन संशोधन विधेयक 2026 के संभावित प्रभावों को लेकर खूंटी प्रखंड के विभिन्न पंचायतों एवं गांवों में व्यापक जनजागरण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान ग्रामीणों को जल, जंगल, जमीन एवं खनिज संपदा से जुड़े उनके अधिकारों की जानकारी दी गई।
जनजागरण अभियान सिलादोन पंचायत के रेहता एवं ईरुद तथा तिलमा पंचायत के सणडासोम, कुजराम एवं हटिंगचाउली गांवों में चलाया गया। इस दौरान ग्रामीणों को खनिज संसाधनों से संबंधित कानूनों के प्रावधानों और उनके संभावित प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
अभियान में झामुमो जिला उपाध्यक्ष सह जिला परिषद सदस्य खूंटी पूर्वी गुलशन सिंह मुंडा, जिला क्रीड़ा मोर्चा अध्यक्ष प्रकाश नाग मुंडा एवं जिला किसान मोर्चा अध्यक्ष मंगू होरो ने ग्रामीणों को संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि झारखंड की खनिज संपदा राज्य की अर्थव्यवस्था के साथ-साथ यहां के लोगों के अधिकारों से भी जुड़ी है। ऐसे में राज्य के हित और अधिकारों को प्रभावित करने वाली किसी भी नीति या कानून के प्रति जनता को जागरूक रहना जरूरी है।
वक्ताओं ने कहा कि प्राकृतिक एवं खनिज संसाधनों के उपयोग से संबंधित नीतियां बनाते समय स्थानीय समुदायों की भागीदारी और उनके हितों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाने की अपील की।
इस दौरान झामुमो कार्यकर्ताओं ने खान एवं खनिज विकास एवं विनियमन संशोधन विधेयक 2026 के विरोध में चल रहे जनआंदोलन को मजबूत करने का आह्वान किया। साथ ही ग्रामीणों से 7 सितंबर 2026, सोमवार को खूंटी प्रखंड मुख्यालय में आयोजित एक दिवसीय धरना में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई।
अभियान में सिलादोन पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि सुखराम मुंडा, सुजीत पाहन, बलबीर मुंडा, जयश्री सिंह मुंडा तथा तिलमा पंचायत के मुखिया बल्कु मुंडा, उपमुखिया मंजीत पाहन, रवि मुंडा, प्रकाश मुंडा, नाग मुंडा, सोनी मुंडा, कविता मुंडा सहित अन्य ग्रामीण एवं झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी
No Previous Comments found.