शिक्षक दिवस पर साड़ीगांव में हॉकी प्रतियोगिता, खूंटी विधानसभा क्षेत्र के विधायक राम सूर्यामुंडा ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला
मुरहू : ग्राम पंचायत इंदीपीड़ी के साड़ीगांव में शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में आसपास के गांवों के अलावा दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंची विभिन्न हॉकी टीमों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में खूंटी विधायक राम सूर्या मुंडा शामिल हुए और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
आयोजन समिति की ओर से विधायक का स्वागत किया गया। इस दौरान विधायक राम सूर्या मुंडा ने कहा कि खेल को केवल मनोरंजन और स्वास्थ्य तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे बेहतर भविष्य और रोजगार का माध्यम भी बनाया जा सकता है। खिलाड़ियों में राज्य और देश के लिए खेलने का जज्बा होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि खूंटी हॉकी की नर्सरी के रूप में अपनी पहचान बना चुका है। जिले के खिलाड़ियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल मेहनत, अनुशासन और सही दिशा में आगे बढ़ने की है। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी लगन और मेहनत के साथ खेलते हुए खूंटी और झारखंड का नाम राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने की अपील की। साथ ही प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विधायक की ओर से आयोजन समिति को जर्सी और फुटबॉल भी प्रदान किया गया।
मौके पर विधायक प्रतिनिधि हुई डिक्सन पूर्ति, ग्राम प्रधान नंदलाल मुंडा, मानसिंह मनकी, जुरा हुनी पूर्ति, मुखिया सुखराम सरूकद, झारखंड मुक्ति मोर्चा सचिव कुंवर सिंह मुंडरी, मीका सोय सहित आयोजन समिति के सदस्य, ग्रामीण और विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे खिलाड़ी मौजूद रहे।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी
No Previous Comments found.