खूंटी पुलिस को बड़ी सफलता, 11 साल से लापता लड़की समेत 4 किशोरियों को दिल्ली-जयपुर से किया रेस्क्यू

खूँटी : मानव तस्करी के खिलाफ शारदीय2 नवरात्र के महानवमी के दिन खूंटी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। AHTU थाना पुलिस की टीम ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए 4 नाबालिग लड़कियों को सकुशल बरामद कर लिया है, जिन्हें दिल्ली और जयपुर में घरों में झाड़ू-पोंछा, बर्तन जैसे कामों में लगाया गया था।

इस संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी ने बताया कि एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट थाना में कुछ एफआईआर दर्ज हुई थीं।

1.  एक एफआईआर पिछले साल की थी, जिसमें एक लड़की पिछले लगभग 11 सालों से लापता थी। घरवालों की शिकायत पर पुलिस ने उसे रेस्क्यू किया है।
2.  वहीं दो लड़कियां जो पिछले एक साल से लापता थीं, लेकिन उनके घरवालों ने हाटू थाने में एक हफ्ता पहले ही एफआईआर दर्ज कराई थी। उन दोनों को भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।
3.  चौथी लड़की के बारे में पुलिस को कोई एफआईआर नहीं मिली थी, बल्कि सूचना के आधार पर जानकारी मिली कि खूंटी की एक लड़की से कहीं काम करवाया जा रहा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए उसे भी रेस्क्यू किया गया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि कुल 4 लड़कियों को रेस्क्यू किया गया है, जो पिछले कुछ समय से खूंटी में नहीं थीं और उन्हें ले जाकर दिल्ली और जयपुर में छोटे-मोटे घरेलू काम करवाए जा रहे थे।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में शामिल कुछ मानव तस्करों को पहले ही जेल भेजा जा चुका है, और कुछ पुराने तस्करों के नाम भी सामने आ रहे हैं जिनकी धरपकड़ के लिए पुलिस प्रयासरत है।

नागरिकों से अपील
पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने सभी नागरिकों से अपील की है कि अगर आपके घर से कोई भी बच्चा या बच्ची लापता होता है तो उसकी सूचना पुलिस को तत्काल दें। सूचना देने में देरी करने से मानव तस्करी में शामिल लोग साक्ष्य मिटा देते हैं, जिससे बच्चों को ट्रेस करने में काफी दिक्कत आती है।

उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस द्वारा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है और इसे और बड़े स्तर पर चलाया जाएगा। अभिभावकों को चाहिए कि बच्चियों को उनकी पढ़ाई पूरी करने दें और किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बाहर न भेजें। अगर बालिग बच्चियां कमाने के लिए बाहर जा भी रही हैं तो उनसे लगातार संपर्क में रहें।

रिपोर्टर  : शहीद अंसारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.