तोरपा चर्च की वार्षिक सभा में पहुंचे विधायक सुदीप गुड़िया, नशामुक्त समाज पर दिया जोर
तोरपा : तोरपा पवित्र हृदय चर्च प्रांगण में आयोजित तोरपा भिखारिएट की एक दिवसीय वार्षिक आम सभा में तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित धर्मगुरुओं, धर्मबहनों, कैथोलिक सभा के सदस्यों एवं विश्वासी भाई-बहनों के साथ संवाद किया और समाज के विकास, बच्चों के उज्ज्वल भविष्य तथा युवाओं के सही मार्गदर्शन पर अपने विचार साझा किए।
इस वार्षिक आम सभा में तोरपा, डोड़मा, कूदा, पिडुल, सोदे एवं कमड़ा पल्ली से सैकड़ों की संख्या में विश्वासी भाई-बहनों ने भाग लिया। कार्यक्रम में आध्यात्मिक एकजुटता, सामाजिक सहभागिता और सामुदायिक विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।
अपने संबोधन में विधायक सुदीप गुड़िया ने नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के साथ-साथ पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। इसका सबसे अधिक असर बच्चों के भविष्य और उनके संस्कारों पर पड़ता है। इसलिए हम सभी को नशे से दूर रहने और एक स्वस्थ, जागरूक एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण के लिए मिलकर प्रयास करना चाहिए।
विधायक ने बच्चों एवं युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि बुरी संगति अच्छे चरित्र को बिगाड़ देती है। इसलिए युवाओं को हमेशा सतर्क रहना चाहिए तथा अपनी ऊर्जा शिक्षा, सकारात्मक सोच और रचनात्मक कार्यों में लगानी चाहिए। उन्होंने माता-पिता से भी अपील की कि वे बच्चों को अच्छे संस्कार दें, उन्हें सही मार्गदर्शन प्रदान करें और समय के साथ कदम मिलाते हुए भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करें।
उन्होंने आगे कहा कि समाज के हर वर्ग का सहयोग और विश्वास ही क्षेत्र के विकास की प्रेरणा है। “आप सभी का साथ और सहयोग बना रहे। मैं अपने क्षेत्र की जनता के लिए हरसंभव कार्य करने का निरंतर प्रयास करता रहूंगा।” विधायक ने सामाजिक एकता, आपसी सद्भाव और सामूहिक जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
*कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य अतिथि* के रूप में खूंटी धर्मप्रांत के बिशप स्वामी बिनय कंडुलना, वी.जी. फादर बिशु बेंजामिन आइंद, डीन फादर हीरालाल हूनी पूर्ति, फादर जेम्स जड़िया, फादर जोजो सहित अनेक धर्मगुरु, धर्मबहनें एवं कैथोलिक सभा के सदस्य उपस्थित रहे।
यह वार्षिक आम सभा आध्यात्मिक एकजुटता के साथ-साथ समाज में जागरूकता, सद्भाव और युवा पीढ़ी के बेहतर भविष्य के प्रति सामूहिक संकल्प का अवसर बनी।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी

No Previous Comments found.