कर्रा सड़क हादसे के पीड़ितों से मिले विधायक सुदीप गुड़िया, घायलों के बेहतर इलाज का दिया निर्देश
खूंटी : कर्रा में हुए भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौत और कई लोगों के घायल होने की दुखद घटना के बाद तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया ने सदर अस्पताल, खूंटी पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों से घायलों के स्वास्थ्य और चल रहे उपचार की विस्तृत जानकारी ली। साथ ही घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और समुचित इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
विधायक सुदीप गुड़िया ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने मृतकों के अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सहयोग राशि भी उपलब्ध कराई। विधायक ने कहा कि इस दुखद घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। सात लोगों की असमय मौत बेहद पीड़ादायक है। विशेष रूप से तीन महिलाओं और चार मासूम बच्चों की मौत ने उन्हें भीतर तक व्यथित कर दिया है। इस अपूरणीय क्षति की भरपाई कभी नहीं की जा सकती।
उन्होंने संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आवश्यक कानूनी एवं चिकित्सकीय प्रक्रियाएं पूरी करते हुए मृतकों के पार्थिव शरीर जल्द से जल्द उनके परिजनों तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि शोकाकुल परिवार अपने प्रियजनों का अंतिम संस्कार सम्मानपूर्वक कर सकें।
विधायक ने कहा कि दुःख की इस घड़ी में पीड़ित परिवार खुद को अकेला न समझें। एक जनप्रतिनिधि के रूप में वे पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं और हरसंभव सहयोग के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी

No Previous Comments found.