लेवी मांगने आए दो PLFI उग्रवादी हथियार के साथ गिरफ्तार
खूँटी : खूंटी पुलिस ने प्रतिबंधित PLFI संगठन के लिए लेवी मांगने के आरोप में प्रतिबंधित नक्सली संगठन के दो उग्रवादियों को एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, एक बाइक, एक मोबाइल और PLFI का तीन पर्चा के साथ गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार अपराधकर्मियों की पहचान संजू मांझी (24) और अंकुश बागे उर्फ डोन्डो(24) के रूप में हुई है। दोनों रनिया थाना क्षेत्र के केलो गांव के रहने वाले हैं।इस संबंध में रनिया थाना कांड सं0-39/26, दिनांक 21.11.26 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि तपकरा थाना अंतर्गत कमड़ा मोड़ के पास आवासीय विद्यालय में और 15 नवंबर को पश्चिम सिंहभूम के आनंदपुर थाना अंतर्गत VKS मार्ग की सड़क निर्माण कार्य में कुछ अपराधकर्मियों ने PLFI के नाम पर ठेकेदार व व्यवसायियों से लेवी की मांग की थी। इसी सूचना के आधार पर खूंटी पुलिस की छापामारी टीम का गठन किया गया।
इसके बाद रनिया एवं आनंदपुर थाना की संयुक्त टीम ने PLFI उग्रवादियों के खिलाफ लगातार छापेमारी शुरू की। इसी क्रम में 21 नवबर को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि तीन व्यक्ति बिना नंबर प्लेट के पल्सर मोटरसाइकिल से जयरपुर, केलो से रनिया की ओर आ रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, तोरपा के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल से दो व्यक्तियों को पकड़ा। पकड़े गए व्यक्तियों के पास से एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन और तीन PLFI पर्चा बरामद किया गया।
पूछताछ में दोनों ने अपना-अपना दोष स्वीकार करते हुए इस कांड के अतिरिक्त PLFI संगठन के लिए लेवी मांगने से संबंधित तपकरा थाना कांड सं0-10/26 एवं आनंदपुर थाना कांड सं0-20/26 में संलिप्त होने की बात स्वीकार की है। कांड में संलिप्त एक अन्य अभियुक्त की पहचान हो चुकी है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी

No Previous Comments found.