खूँटी में पांच एकड़ भूमि पर अवैध अफीम की फसल नष्ट, ड्रोन से हो रही संदिग्ध क्षेत्रों की निगरानी
खूँटी : खूँटी जिले में अवैध अफीम की खेती के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, खूँटी के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के तहत करीब पांच एकड़ भूमि पर अवैध रूप से उगाई गई अफीम की फसल को नष्ट किया गया।
अभियान के दौरान ड्रोन के माध्यम से संदिग्ध क्षेत्रों की निगरानी भी की जा रही है। ड्रोन की मदद से अवैध अफीम की खेती वाले क्षेत्रों को चिह्नित किया जा रहा है, ताकि ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध अफीम की खेती में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सत्यापन एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
खूँटी पुलिस ने आमजनों से अपील की है कि वे अवैध अफीम की खेती से दूर रहें और ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी स्थानीय पुलिस को दें। पुलिस ने कहा कि अवैध अफीम की खेती पर रोक लगाने और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी

No Previous Comments found.