बाल विवाह उन्मूलन को लेकर खूंटी के 300 गांवों में चलेगा 100 दिवसीय जागरूकता अभियान
खूँटी : अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर उपायुक्त मो० जावेद हुसैन की अध्यक्षता में समाहरणालय में संबंधित विभागों एवं सहयोगी संस्थाओं के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में बाल विवाह की रोकथाम और इसके उन्मूलन को लेकर 100 दिवसीय अभियान की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
अभियान के तहत जिले के 300 गांवों तक पहुंच बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए ग्राम सभाओं के माध्यम से गांवों को बाल विवाह मुक्त बनाने का प्रस्ताव पारित कराने, किशोर-किशोरियों एवं महिला समूहों के साथ जागरूकता बैठक आयोजित करने तथा जनप्रतिनिधियों, धार्मिक नेताओं और समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ संवाद स्थापित करने की योजना बनाई गई। साथ ही ग्राम बाल संरक्षण समितियों को सक्रिय करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में बाल विवाह एवं बाल तस्करी के जोखिम वाले बच्चों की पहचान कर उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने, संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता संदेश प्रसारित करने पर चर्चा हुई। बच्चों को शिक्षा, छात्रवृत्ति एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने की आवश्यकता पर भी बल दिया गया।
उपायुक्त ने महिला सशक्तिकरण और स्कूल छोड़ चुके बच्चों पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बाल विवाह की रोकथाम के लिए समाज के सभी वर्गों की सहभागिता जरूरी है। जागरूकता के माध्यम से ही इस सामाजिक कुरीति को समाप्त किया जा सकता है।
इस अवसर पर उपायुक्त ने उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को बाल विवाह के खिलाफ शपथ दिलाई। इसके बाद समाहरणालय परिसर से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उपस्थित लोगों ने बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण में सामूहिक सहभागिता निभाने का संकल्प लिया।
बैठक में सिविल सर्जन, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी

No Previous Comments found.