किसानों को समय पर बीज उपलब्ध कराने का निर्देश, लैम्प्स केंद्रों को उपायुक्त ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
खूंटी : किसानों को रबी फसलों की खेती के लिए समय पर बीज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त की अध्यक्षता में बीज विनिमय वितरण कार्यक्रम एवं बीज उत्पादन को लेकर बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उपायुक्त ने जिले के सभी लैम्प्स अध्यक्षों को निर्देश दिया कि लैम्प्स केंद्रों के माध्यम से गेहूं, चना, मसूर, सरसों सहित अन्य फसलों के बीज का वितरण निर्धारित समय पर सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि किसानों को अपने नजदीकी लैम्प्स केंद्रों पर आसानी से बीज उपलब्ध होना चाहिए, ताकि उन्हें बीज प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इसके साथ ही सभी एटीएम एवं बीटीएम को प्रखंड स्तर पर टीम भावना और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया। बैठक में बीज वितरण एवं उत्पादन कार्यक्रम को लेकर संबंधित पदाधिकारियों के बीच समन्वय स्थापित कर कार्य करने पर जोर दिया गया।
बैठक में जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, परियोजना निदेशक आत्मा, जिले के सभी लैम्प्स केंद्रों के अध्यक्ष, एटीएम, बीटीएम सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी

No Previous Comments found.