बाल विवाह के खिलाफ 40 स्थानों पर चला विशेष जागरूकता अभियान, 2500 लोगों ने लिया बाल विवाह मुक्त समाज बनाने का संकल्प

खूँटी : CINi (Child in Need Institute) खूंटी टीम द्वारा Axis Bank Foundation के सहयोग से संचालित ग्रामीण स्वास्थ्य एवं पोषण परियोजना के तहत खूंटी, मुरहू, अड़की एवं तोरपा प्रखंड में बाल विवाह के खिलाफ विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत जिले के कुल 40 अलग-अलग स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें लगभग 2500 लोगों ने भाग लिया।

अभियान के दौरान विशेष रूप से हाई स्कूल एवं मध्य विद्यालयों के साथ-साथ सामुदायिक स्तर पर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं समुदाय के सदस्यों को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। साथ ही बाल विवाह को रोकने तथा समाज में इसके खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए लोगों को प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर सभी स्थानों पर उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं समुदाय के सदस्यों ने बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण के लिए शपथ ग्रहण किया। अभियान के तहत लगभग 2500 लोगों ने बाल विवाह नहीं करने, न होने देने तथा अपने आसपास बाल विवाह की घटनाओं को रोकने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

इस अभियान को सफल बनाने में विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं सिनी (CINI) के सामुदायिक मोबिलाइजरों का विशेष सहयोग एवं योगदान रहा। उनके सक्रिय प्रयासों से अभियान को व्यापक स्तर पर सफल बनाया जा सका।

इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बाल विवाह के प्रति सामाजिक जागरूकता बढ़ाना, बच्चों के अधिकारों एवं सुरक्षित भविष्य के प्रति समुदाय को संवेदनशील बनाना तथा सामूहिक सहभागिता के माध्यम से बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में मजबूत पहल करना था।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.