LANGUAGE

भारी बारिश से एकल विधवा महिला का घर गिरा, इधर करकरी नदी पर निर्माणाधीन पुल में छह मजदूर फंसे हैं

खूंटी : खूंटी जिले में लगातार हो रही बारिश तबाही का मंजर लेकर आ गई। एक तरफ अड़की प्रखंड क्षेत्र के सरगेया पंचायत के मैपा में रात तीन बजे बारिश के बीच एक इमली पेड़ की टहनी एक मिट्टी के बने मकान में गिर गई। उस मकान में एकल विधवा महिला सोमवारी देवी रहती थी। पेड़ की टहनी गिरने से सोमवारी देवी बाल बाल बच गई और दौड़कर बाहर निकली तथा आसपास के लोगों को आवाज देने लगी। किसी तरह लोगों ने सोमवारी देवी को शरण दिया। दूसरी तरफ अड़की प्रखंड क्षेत्र के करकरी नदी पर निर्माणाधीन पुल में कार्यरत छह मजदूर भारी बारिश और  तेज बहाव के कारण फंस गए हैं। सोनपुर और डोरेया के बीच करकरी नदी में पुल निर्माण का कार्य चल रहा है। इसी निर्माणाधीन पुल में बाहर के मजदूर काम पर जुटे थे। बुधवार शाम से ही लगातार भारी बारिश के कारण जलस्तर बढ़ता गया और मजदूरों की जान खतरे में पड़ गई। मजदूरों में रोहित समेत कुल छह लोग फंसे हैं। फंसे मजदूरों में डाल्टनगंज और रामगढ़ के निवासी हैं। मजदूरों के फंसने की जानकारी प्रशासन को दी गई उसके बाद स्थानीय प्रशासन हरकत में आया और सभी फंसे मजदूरों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है। एनडीआरएफ की टीम को भी मजदूरों को सुरक्षित निकालने के कार्य में लगा दिया गया है। फिलहाल स्थानीय लोगों के साथ ही जिला प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर डटी है।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी 
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.