कांग्रेसियों ने प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष के वाहन को रोका और जिलाध्यक्ष चुनाव प्रक्रिया पर नाराजगी जताई

खूंटी : आज खूंटी में कांग्रेसियों के एक वर्ग ने डाड़ीगुटू में झारखंड प्रभारी के. राजू और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के वाहन को रोका और युवा कांग्रेस अध्यक्ष अरुण संगा के नेतृत्व में जमकर नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष हटाओ कांग्रेस बचाओ, स्लीपर सेल नहीं चलेगा.... के नारे लगाए साथ ही कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद के नारे भी लगाए।
बता दें कि खूंटी कांग्रेस जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा के दुबारा कांग्रेस जिलाध्यक्ष बनाए जाने पर खूंटी कांग्रेस का एक वर्ग नाराज है और जिलाध्यक्ष के चुनाव को महज छलावा बताया है। कांग्रेस ओबीसी मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा, युवा मोर्चा और आदिवासी मोर्चा के पदधारियों ने रवि मिश्रा के दुबारा जिलाध्यक्ष बनाए जाने पर आपत्ति जताई है, ओबीसी अध्यक्ष सोनू इमरान ने कहा कि जिलाध्यक्ष की चयन प्रक्रिया में आब्जर्वर की भूमिका को भी संदेहास्पद बताते हुए कहा कि आब्जर्वर बिके हुए थे। उन्होंने यह भी कहा कि जब जिलाध्यक्ष को ही दुबारा जिलाध्यक्ष बनाया जाना था तो इतना तामझाम और प्रखंड और पंचायतों में बैठकों का दौर क्यों किया गया यह सरासर अन्याय है।
युवा कांग्रेस अध्यक्ष अरुण संगा, अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश महासचिव कैसर खान, जिला उपाध्यक्ष सुशील संगा, पौलूस बहा मुंडा ने भी जिलाध्यक्ष के चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए और कहा कि खूंटी जिला आदिवासी बहुल इलाका है यहां भी एक प्रतिशत उच्च वर्ग है जबकि ओबीसी और अल्पसंख्यकों का प्रतिशत भी ज्यादा है बावजूद एक प्रतिशत वाले को जिलाध्यक्ष बनाया जाना खूंटी की जनता के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा को अविलंब हटाया जाए। खूंटी में संगठन सृजन अभियान महज खानापूर्ति बनकर रह गई। इसलिए अब खूंटी के कांग्रेसियों की आवाज पूरे प्रदेश में गूंजेगी और जिलाध्यक्षों के चुनाव का विरोध जारी रहेगा।
कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के राजू ने इस मसले पर कहा कि प्रत्येक जिला में जिलाध्यक्ष के चुनाव को लेकर कांग्रेस के एक एक सीनियर लीडर को आब्जर्वर का दायित्व दिया गया था। ग्रामपंचायत और प्रखंड स्तरीय कांग्रेस की बैठकें आयोजित की गईं। साथ ही सांसद , विधायक और पंचायत स्तरीय समितियों में आरक्षण के आधार पर नेताओं का चुनाव किया जाता है। इसके मद्देनजर अल्पसंख्यक, पिछड़ा और सामान्य वर्ग को ध्यान में रखकर कांग्रेस ने सभी वर्गों के प्रतिनिधित्व को मौका दिया है। यही कारण रहा है कि इस बार भी खूंटी में पुनः रवि मिश्रा को जिलाध्यक्ष बनाया गया।
सोनू इमरान, ओबीसी जिलाध्यक्ष, अरुण संगा, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष ,कैसर खान महासचिव प्रदेश अल्पसंख्यक मोर्चा ,सुशील संगा जिला उपाध्यक्ष, के राजू, झारखंड कांग्रेस प्रभारी ,पौलुस पूर्ति, अशोक महतो, नरेश तिर्की, कुणाल कमल कच्छप, वेद प्रकाश मिश्रा, पवन साहू, साबिर अंसारी, आमिल अफसर, अब्दुल वाहिद एवं कांग्रेस के सभी कार्यकर्ता मौजूद थे।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी
No Previous Comments found.