मारंगहादा थाना क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती के विरुद्ध जागरूकता अभियान
खूँटी : पुलिस द्वारा मारंगहादा थाना अंतर्गत ग्राम हकाडूबा में अवैध अफीम की खेती के विरुद्ध व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान में खूँटी प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) के साथ ग्रामीणों की सहभागिता रही। अभियान के दौरान ग्रामीणों को अवैध अफीम की खेती से होने वाले सामाजिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। साथ ही अफीम की खेती करने पर होने वाली कानूनी कार्रवाई एवं दंडात्मक प्रावधानों से भी अवगत कराया गया। प्रशासन द्वारा ग्रामीणों को वैकल्पिक एवं लाभकारी खेती जैसे गेहूँ, चना एवं विभिन्न सब्जियों की खेती अपनाने हेतु प्रेरित किया गया। इसके अतिरिक्त ग्राम चिंचल, टोटोदाग एवं केंदुवा सोकरा में भी आमजनों को अफीम की अवैध खेती के विरुद्ध जागरूक किया गया। अभियान के तहत गांवों एवं आसपास के जंगली क्षेत्रों में ड्रोन उड़ाकर संभावित अफीम की खेती की खोजबीन की गई।
जांच के क्रम में गत वर्ष जिन भूमि पर अफीम की खेती (जीआर दर्ज भूमि) होने की आशंका थी, वहां निरीक्षण करने पर आलू एवं शकरकंद की खेती की जा रही पाई गई, जो प्रशासन एवं पुलिस के संयुक्त प्रयासों की सकारात्मक पहल को दर्शाता है।
खूँटी पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अवैध अफीम की खेती से दूर रहें तथा वैध एवं वैकल्पिक कृषि को अपनाकर समाज एवं क्षेत्र के विकास में सहयोग करें। पुलिस-प्रशासन द्वारा आगे भी इस प्रकार के जागरूकता एवं निगरानी अभियान लगातार जारी रखे जाएंगे।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी

No Previous Comments found.