विकसित भारत जी राम जी अधिनियम को लेकर भाजपा की प्रेस वार्ता
खूंटी : विकसित भारत के लक्ष्य और जी राम जी अधिनियम को लेकर आज भारतीय जनता पार्टी की ओर से खूंटी भाजपा जिला कार्यालय में एक अहम प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता में भाजपा के प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र की श्रेणी में खड़ा किया जाए। इसी लक्ष्य को साकार करने के लिए केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा में व्यापक सुधार करते हुए जी राम जी अधिनियम लागू किया गया है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सपनों के भारत और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय विचारधारा के अनुरूप इस नई योजना में पहले की तुलना में चार गुना तक राशि की बढ़ोतरी की गई है।
मनरेगा में होंगे बड़े बदलाव
मनोज सिंह ने बताया कि मनरेगा में मौजूद कई खामियों को दूर किया गया है। अब मैनुअल प्रक्रिया की जगह जियो टैगिंग युक्त ऑनलाइन एप के माध्यम से मजदूरों की हाजिरी और कार्य की एंट्री की जाएगी। इससे मजदूरों को समय पर मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित होगा।
समय पर भुगतान नहीं होने की स्थिति में मजदूरों को मुआवजा देने का भी प्रावधान किया गया है।
इसके साथ ही अब 100 दिन की जगह 125 दिन का रोजगार दिया जाएगा। वहीं रोजगार उपलब्ध नहीं होने पर जॉब कार्डधारी मजदूरों को बेरोजगारी भत्ता भी दिया जाएगा।
राज्य सरकार पर तीखा हमला
प्रेस वार्ता के दौरान प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह और तोरपा के पूर्व विधायक कोचे मुंडा ने झारखंड सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राज्य की कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। हत्या, डकैती, लूट, अपहरण जैसी घटनाएं आम हो गई हैं, लेकिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार इस पर मौन है।
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार में पूरी तरह डूबी हुई है—चाहे वह बालू लूट हो, शराब घोटाला हो या ट्रांसफर-पोस्टिंग में लेन-देन। मुख्यमंत्री के पास गृह विभाग होने के बावजूद राज्य में अपराध लगातार बढ़ रहा है, जो सरकार की विफलता को दर्शाता है। साथ ही उन्होंने हेमंत सरकार को आदिवासी विरोधी सरकार बताया।
प्रेस वार्ता में उपस्थित इस अवसर पर भाजपा के खूंटी जिला प्रभारी सत्यनारायण, नए जिलाध्यक्ष आनंद कुमार, तोरपा के पूर्व विधायक कोचे मुंडा, जिला महामंत्री निखिल कंडुलना सहित कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी

No Previous Comments found.