विधायक रामसूर्या मुंडा हुए ऐतिहासिक टुसू मेले में शामिल, संस्कृति संरक्षण का दिया संदेश
खूंटी : जिले के टोडांगकेल बगीचा में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी ऐतिहासिक टुसू मेला का भव्य आयोजन किया गया। इस मौके पर झारखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक विरासत और सामाजिक एकता की जीवंत झलक देखने को मिली। मेले में क्षेत्र की 25 से 30 टुसू नृत्य मंडलियों ने भाग लिया। वहीं 10 केवल नृत्य मंडलियां और 6 भजन नृत्य मंडलियां भी अपनी-अपनी पूरी टीम के साथ कार्यक्रम में शामिल हुईं। कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीत और नृत्य के माध्यम से झारखंड की सांस्कृतिक विरासत को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। कार्यक्रम में खूंटी के लोकप्रिय विधायक माननीय रामसूर्या मुंडा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि टुसू मेला जैसे पारंपरिक आयोजन झारखंड की सांस्कृतिक पहचान को सहेजने, समझने और आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम हैं। ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं। विधायक रामसूर्या मुंडा ने आयोजन समिति एवं सभी कलाकारों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी और भविष्य में भी इस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रमों को निरंतर प्रोत्साहन देने की बात कही।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाली कई टुसू चौड़ल समितियों एवं नृत्य मंडलियों को अतिथियों द्वारा सम्मानित कर पुरस्कृत किया गया, जिससे कलाकारों का उत्साहवर्धन हुआ।
कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों की ओर से सभी मेला प्रेमियों से अपील की गई कि झारखंडी मेला और संस्कृति का संरक्षण, संवर्धन एवं प्रचार-प्रसार हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। साथ ही कार्यक्रम के उपरांत स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए सुरक्षित रूप से अपने-अपने घर लौटने का आग्रह किया गया।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि डिक्सन पूर्ति, बीरेंद्र सिंह, ग्राम प्रधान शेक मुंडा, दिनेश हसा, सोमा तिडु, मंगल सिंह हस्सा, चुनूं लोहारा, बजी मुंडा, बाजो मुंडा, अमित पूर्ति, पीकू प्रधान, सीमा कुमारी होरो, सुखराम सरूकद सहित कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, आयोजन समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी


No Previous Comments found.