सोनमेर मंदिर स्थित शिव-पार्वती मंदिर का चौथा स्थापना दिवस श्रद्धा व भक्तिभाव के साथ सम्पन्न

खूंटी : कर्रा प्रखंड के सुप्रसिद्ध सोनमेर (बोनमेरो) मंदिर परिसर स्थित शिव-पार्वती मंदिर का चौथा स्थापना दिवस बुधवार को विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना के साथ सम्पन्न हुआ। स्थापना दिवस के अवसर पर मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत मंदिर परिसर के शुद्धिकरण से हुई। इसके उपरांत पंडित प्रमोद नाथकर, विकास दास एवं श्याम सुंदर पति के सान्निध्य में पुजारी अमित साहु एवं उनकी धर्मपत्नी सीमा देवी तथा गजेन्द्र दल एवं उनकी धर्मपत्नी सतओना देवी द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना कराई गई। सर्वप्रथम रुद्राभिषेक, हवन और आरती का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

पुजारियों ने भगवान शिव शंकर, माता पार्वती एवं मां दशभुजी से क्षेत्र में सुख-शांति, हरियाली और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की। साथ ही क्षेत्र को महामारी जैसी बीमारियों से मुक्त रखने की कामना भी की गई।
पूजा-अर्चना के पश्चात भजन-कीर्तन कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें भक्तिमय गीतों पर श्रद्धालु झूमते-गाते नजर आए। मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’, ‘जय माता पार्वती’ और ‘जय मां दशभुजी’ के गगनभेदी उद्घोष से गुंजायमान हो उठा, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिरस में सराबोर हो गया।
पूजा समापन के बाद भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें खिचड़ी, पुड़ी एवं सब्जी का प्रसाद श्रद्धालुओं के बीच वितरित किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सोनमेर मंदिर समिति के अध्यक्ष एतवा उरांव, कोषाध्यक्ष जगतू बड़ाईक, सचिव मनीषा मुंडा, कोषाध्यक्ष निरंजन सोरों के अलावा नीलम हेरेंज, किशोर बड़ाइक, सूरज दल, अनुप, जगन्नाथ, पंडा मुंडा, टेनू बड़ाइक, लादु पहान, सुनील पहान, बासुदेव शिखर, सुमन हेरेंज सहित अन्य ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.