आकांक्षी जिला सह आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के तहत ‘संपूर्णता अभियान 2.0’ आयोजित

 खूंटी : खूंटी जिला अंतर्गत सीएम उत्कृष्ट विद्यालय खूंटी में आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के तहत ‘संपूर्णता अभियान 2.0’ का भव्य आयोजन किया गया। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर ऑनलाइन "संपूर्णता अभियान" 2.0 कार्यक्रम का शुभारंभ किया। 

नीति आयोग द्वारा पूरे देश के विभिन्न आकांक्षी जिलों और प्रखंडों में विकास के अलग अलग सूचकांकों के आधार पर ढाई माह का कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। संपूर्णता अभियान का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, कृषि व जल संसाधन,  वित्तीय समावेशन और बुनियादी ढांचा जैसे जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करना है। संपूर्णता अभियान 2.0 कार्यक्रम में  स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, पशुपालन विभाग और समाज कल्याण विभाग ने नीति आयोग भारत सरकार द्वारा निर्धारित मापदंडों के आधार पर ग्रासरूट स्तर पर आने वाली चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए प्राथमिकता के स्तर पर लक्ष्य प्राप्त करने संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव दिए। आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के माध्यम से विकास की गति को तेज किया जा रहा है और योजनाओं का सीधा लाभ दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।

आकांक्षी प्रखंड को लेकर कार्य प्रखंड विकास पदाधिकारी स्मिता नगेशिया ने कहा कि उनके प्रखंड को संपूर्णता अभियान 1.0 में कांस्य पदक समेत डेढ़ करोड़ की प्रोत्साहन राशि प्राप्त हुई थी। इसमें ग्रासरूट स्तर के कर्मियों की अच्छी भागीदारी रही उन्होंने जिले की उपायुक्त महोदया का धन्यवाद किया। उन्होंने बताया कि संपूर्णता अभियान में कई योजनाएं शत प्रतिशत लक्ष्य पूर्ण कर चुके हैं। अलग अलग कुछ योजनाएं सैचुरेटेशन मोड में हैं जिन्हें जिला स्तरीय सहयोग से पूर्ण किया जाएगा।
 
समाज कल्याण विभाग की पदाधिकारी अनीषा कुजूर ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के शारीरिक विकास और पोषण पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है साथ ही पेयजल और शौचालय की सुविधा पर कार्य करना होगा। 

आईटीडीए निदेशक आलोक शिकारी कच्छप ने कहा कि पिछड़े जिलों और पिछड़े प्रखंडों को नीति आयोग के मापदंडों के अनुसार कार्य करते हुए विकसित प्रखंड की श्रेणी में लाना होगा।

संपूर्णता अभियान 2.0 कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि खूंटी उपविकास आयुक्त आलोक कुमार ने सभी विभागों को ग्रासरूट स्तर पर नीति आयोग के मापदंडों के अनुसार कार्य करने और ससमय संपूर्णता अभियान पूर्ण करने का निर्देश दिया। 

कार्यक्रम के अंत में संपूर्णता अभियान 2.0 को लेकर उपविकास आयुक्त ने उपस्थित लोगों को शपथ दिलाई। कार्यक्रम में आईटीडीए निदेशक आलोक शिकारी कच्छप एवं अनुमंडल पदाधिकारी (ए.सी.) परमेश्वर मुंडा, जिला पशुपालन पदाधिकारी, अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारी, कर्रा प्रखंड विकास पदाधिकारी स्मिता नगेशिया एवं खूंटी प्रखंड विकास पदाधिकारी ज्योति कुमारी समेत अन्य पदाधिकारी एवं  शिक्षकगण एवं सहिया सेविका तथा महिला समूह की दीदियां मौजूद थीं।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.