खूंटी नगर पंचायत चुनाव की तारीख नजदीक आते ही प्रचार प्रसार में प्रत्याशी समर्थक एक दूसरे पर जमकर जुबानी बौछार करने लगे हैं।
खूंटी : रानी टूटी के समर्थन में आयोजित कर्रा रोड की चुनावी सभा में पूर्व सीएम रघुवर दास ने कहा कि झामुमो कांग्रेस की विकास विरोधी सरकार को छड़ी छाप की छड़ी से मार भगाना है। रघुवर दास ने झामुमो कांग्रेस राजद की सरकार को कमीशन की सरकार बताया और कहा कि वर्तमान सरकार बालू की लूट, कोयला और पत्थर की लूट की सरकार है, झारखंड को लूटखंड बना दिया है। जेएमएम का मिशन है कमीशन.... कमीशन की सरकार में विकास कार्य ठप्प हैं। सीओ ऑफिस से लेकर सीएमओ तक कमीशन का खेल चल रहा है।झामुमो कांग्रेस की सरकार ने महिलाओं और युवाओं को भी धोखा दिया। इनके कार्यकाल में युवाओं को नौकरी नहीं मिल रही है। वहीं झामुमो के जिलाध्यक्ष जुबेर अहमद ने नगर पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशी सोनम बागे के समर्थन में कहा कि यह हर तरह से मजबूत हैं जो जनता के लिए कार्य करने वाली प्रत्याशी हैं। पढ़ाई लिखाई, भाग दौड़, जनता को समय देने में सक्षम हैं। खूंटी नगर पंचायत चुनाव में शहरी जनता का रुझान युवा प्रत्याशी पर है। जुबेर अहमद ने कहा कि चुनाव प्रचार प्रसार में पूर्व सीएम रघुवर दास आए या पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी या अर्जुन मुंडा, इससे झामुमो को कोई फर्क नहीं पड़ता है चूंकि अगर इन्हें जनता पसंद करती तो आज ये सभी पूर्व नहीं कहलाते वर्तमान मुख्यमंत्री कहलाते, जनता इन्हें नकार चुकी है। तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया ने कहा कि वार्ड पार्षद और नगर अध्यक्ष के प्रचार प्रसार में भाजपा के दिग्गज लगातार पहुंच रहे हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि नगर पंचायत चुनाव में भाजपा को हार का डर हो गया है। उन्होंने कहा कि वे चुनाव के प्रचार प्रसार में स्टार प्रचारकों को बुला रहे हैं। हमारे तो एक ही ब्रांड है गुरुजी और हेमंत सोरेन उनकी अगुवाई में ही चुनाव लड़ते हैं। हमलोग बोलने पर नहीं कम करने पर विश्वास करते हैं। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा ने कहा कि भाजपा जब सत्ता में थी तो भ्रष्टाचार चरम पर थी। बच्चों के स्कूल ड्रेस से लेकर टॉफी तक में कमीशन का खेल चल रहा था। जब भाजपा शासनकाल में झारखंड में खेल कूद का आयोजन हुआ तो खिलाड़ियों के ड्रेस और खेल सामग्रियों में कमीशन का ही खेल चलता रहा। हमारे राष्ट्रीय नेता से लेकर कांग्रेस के कार्यकर्त्ता तक भाजपा से डिबेट करने को तैयार रहते हैं। जिलाध्यक्ष ने कहा कि आरोप लगाना आसान है लेकिन उसे साबित भी करना पड़ता है। रघुवर की सरकार झारखंड में जनता को सिर्फ लूटने में लगे हुए थे इसलिए जनता उन्हें कुर्सी से उखड़कर बाहर कर दिया।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी

No Previous Comments found.