राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी तेज, बैंक मामलों के निष्पादन पर जोर

खूंटी : आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत दिनांक 14 मार्च 2026 के सफल आयोजन को लेकर जिला स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, खूंटी के तत्वावधान में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, खूंटी रसिकेश कुमार के निर्देशन में किया गया। बैठक की अध्यक्षता सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, खूंटी कमलेश बेहेरा ने की।

बैठक में खूंटी जिला अंतर्गत कार्यरत विभिन्न बैंकों के अधिकारियों ने भाग लिया। इनमें भारतीय स्टेट बैंक (SBI), इंडियन बैंक, इंडियन ओवरसीज बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, झारखंड ग्रामीण बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, यूको बैंक सहित अन्य बैंकों के प्रतिनिधि शामिल हुए। इस अवसर पर स्थायी लोक अदालत (PLA) के सदस्यगण भी उपस्थित थे।
बैठक के दौरान विशेष रूप से प्री-लिटिगेशन बैंक मामलों—जैसे ऋण प्रकरण, किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) मामले, वसूली संबंधी वाद एवं अन्य वित्तीय विवादों—के अधिकतम निष्पादन पर बल दिया गया। बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि लोक अदालत हेतु उपयुक्त मामलों की समय पर पहचान करें, पक्षकारों को विधिवत नोटिस तामील कराएं तथा समझौते के लिए सक्षम पदाधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करें।
बैठक में यह भी बताया गया कि विगत राष्ट्रीय लोक अदालत में खूंटी जिले में कुल 642 मामलों का सफलतापूर्वक निष्पादन किया गया था। सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, खूंटी ने सभी बैंकों से आग्रह किया कि आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत (14.03.2026) में इससे अधिक मामलों के निष्पादन का लक्ष्य निर्धारित करते हुए समन्वित प्रयास सुनिश्चित करें।
बैठक के अंत में सभी संबंधित बैंकों द्वारा पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया गया तथा आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने हेतु सामूहिक संकल्प लिया गया।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.