पीएलएफआई का पूर्व एरिया कमांडर सह कुख्यात अपराधी अजीम हव्वारी उर्फ हिमांशु गिरफ्तार

 खूंटी : खूंटी पुलिस ने पीएलएफआई का पूर्व एरिया कमांडर सह कुख्यात अपराधी अजीम हव्वारी उर्फ हिमांशु को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता प्राप्त की है।  एसडीपीओ वरुण रजक ने प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार अपराधी खूँटी थाना क्षेत्र में प्रतिबंधित संगठन पीएलएफआई के नाम पर लेवी वसूली, अवैध हथियार रखने और चोरी की मोटरसाइकिल का उपयोग कर आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने के मामले में तीन बार जेल जा चुका है। पुलिस ने कुख्यात अपराधी अजीम हव्वारी उर्फ हिमांशु को गुप्त सूचना के आधार पर खूंटी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त 36 वर्षीय अजीम हव्वारी उर्फ हिमांशु खूंटी थाना क्षेत्र के लियाकत अली लेन का निवासी है। 

एसडीपीओ वरुण रजक ने बताया कि अजीम हव्वारी उर्फ हिमांशु के अलग अलग थाना क्षेत्रों में 7 मामले दर्ज हैं। कांके थाना, तुपुदाना ओपी और खूंटी थाना में पूर्व से दर्ज मामलों में हत्या, रंगदारी, लेवी वसूली, हथियारों की सप्लाई, बाइक लूट और दहशत फैलाने हेतु नाजायज मजमा लगाकर फायरिंग करने संबंधी मामले दर्ज हैं। 2012 के आसपास कुख्यात अपराधी प्रतिबंधित नक्सली संगठन पीएलएफआई का एरिया कमांडर के रूप में सक्रिय था। 

गिरफ्तार कुख्यात अपराधी कई संगीन मामलों को अंजाम दे चुका है।खूँटी थाना में 2012 में दर्ज कांड के मुताबिक पीएलएफआई के नाम पर लेवी वसूली एवं चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तारी का मामला है। वहीं 2023 में खूंटी थाना क्षेत्र के कटहल टोली के पास हथियार के बल पर ₹1लाख 69 हजार490 रुपए एवं दस्तावेज लूटने का मामला दर्ज किया गया है।

खूँटी थाना में 2025 में आर्म्स एक्ट के तहत ग्राम अकता में अवैध जमावड़ा, मारपीट, फायरिंग एवं धमकी देने का मामला दर्ज है।
तथा अकता गांव में अशांति फैलाने की नीयत से फायरिंग का मामला भी दर्ज किया गया है अर्थात खूंटी थाना में ही 2012 से अबतक कुल पांच आपराधिक मामले, आर्म्स एक्ट समेत 17 सीएलए एक्ट से संबंधित मामले दर्ज हैं।

धुर्वा थाना के तुपुदाना ओपी कांड के तहत हथियार और गोली के साथ पकड़े जाने का मामला 2019 में दर्ज  है। साथ ही कांके थाना में 2023 में मोबाइल से पीएलएफआई के नाम पर 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला दर्ज है। अलग अलग थाना क्षेत्रों में अपराधी अजीम हव्वारी उर्फ हिमांशु के 7 मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में बताया कि उसने पूर्व में पीएलएफआई संगठन से प्राप्त हथियार और गोलियां कांड में पकड़े गए अन्य अभियुक्तों को बेची थीं। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है तथा संगठन से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। 

छापामारी दल में एसडीपीओ वरुण रजक, खूंटी पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी पु.अ.नि अशोक कुमार सिंह, पु.अ.नि. आदित्य कुमार, अनुसंधानकर्ता, पु.अ.नि. राजू कुमार एवं खूंटी थाना की सशस्त्र बल शामिल थी।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.