नगरपालिका निर्वाचन 2026: मतगणना को लेकर उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने किया संयुक्त निरीक्षण,

खूंटी : नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के अंतर्गत खूँटी नगर पंचायत क्षेत्र में सम्पन्न हुए मतदान के पश्चात 27 फरवरी 2026 को निर्धारित मतगणना कार्य को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त  आर० रॉनिटा एवं पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो ने कृषि उत्पादन बाजार समिति परिसर में प्रस्तावित मतगणना केंद्र का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने काउंटिंग हॉल, मीडिया सेंटर, सहायता केंद्र, मोबाइल डिपॉजिट केंद्र, नियुक्ति पत्र वितरण केंद्र सहित अन्य सभी स्टॉल एवं व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि मतगणना कार्य राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाए।उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मतगणना स्थल पर प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, बैरिकेडिंग, अभ्यर्थियों एवं उनके अधिकृत अभिकर्ताओं के बैठने की समुचित व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, प्रकाश व्यवस्था तथा पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि मतगणना की प्रत्येक प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न हो तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाए। पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा मतगणना केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने की बात कही, ताकि मतगणना कार्य शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, परियोजना निदेशक आईटीडीए, सभी निर्वाची पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.