एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय सहित अन्य विद्यालयों की नामांकन परीक्षा की तैयारी को लेकर बैठक सम्पन्न

 खूंटी : एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, आश्रम विद्यालय एवं आवासीय विद्यालयों में सत्र 2026-27 के लिए नामांकन परीक्षा की तैयारी को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में बैठक आयोजित की गई। यह बैठक उपायुक्त आर. रॉनिटा के निर्देशानुसार आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता जिला कल्याण पदाधिकारी प्रमोद राम ने की। बैठक में कक्षा 6 के लिए एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय तथा कक्षा 6, 7 एवं 8 के लिए आश्रम विद्यालय एवं आवासीय विद्यालयों में नामांकन हेतु 8 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली प्रवेश परीक्षा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

इस दौरान परीक्षा केंद्रों के चयन, केंद्राधीक्षकों की प्रतिनियुक्ति, वीक्षण एवं मूल्यांकन कार्य हेतु शिक्षकों की नियुक्ति, परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण, मूल्यांकन कार्य के पर्यवेक्षण हेतु दंडाधिकारियों की तैनाती, पुलिस बल एवं मेडिकल टीम की प्रतिनियुक्ति तथा संपूर्ण परीक्षा प्रक्रिया के पर्यवेक्षण हेतु वरीय पदाधिकारियों की नियुक्ति जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिला कल्याण पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जाए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की सुविधा तथा गोपनीयता बनाए रखने पर विशेष बल देते हुए मूल्यांकन कार्य समयबद्ध एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, खूँटी, कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत, संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.