नशे में धुत बाइक सवार ने दो युवकों को मारी टक्कर, एक का पैर टूटा
खूंटी - जिला मुख्यालय स्थित जेल गेट के समीप सोमवार की शाम एक गंभीर सड़क दुर्घटना घटित हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जेल में ड्यूटी पर तैनात अरविंद सिंह मुंडा अपने दो दोस्तों के साथ चाय पीने के लिए जैसे ही जेल परिसर से बाहर निकले, उसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे पल्सर बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि बाइक सवार नशे की हालत में था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक सवार की पहचान प्रणय टोपनो के रूप में हुई है, जो मुरहू थाना क्षेत्र के सिरिंगडीह गांव का निवासी बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वह कथित रूप से नशे में धुत था, जिसके कारण उसने संतुलन खो दिया और सड़क किनारे खड़े अरविंद सिंह मुंडा एवं उनके मित्र पवन कुमार को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में पवन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका एक पैर टूट गया है तथा शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आई हैं। वहीं अरविंद सिंह मुंडा को भी हल्की चोटें आई हैं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि घटनास्थल पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने मानवता का परिचय देते हुए दोनों घायलों को तत्काल खूंटी सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार किए जाने के बाद पवन कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित Rajendra Institute of Medical Sciences (रिम्स) रेफर कर दिया गया। इधर,दुर्घटना में घायल बाइक सवार प्रणय टोपनो का इलाज भी खूंटी सदर अस्पताल में ही चल रहा है। पुलिस मामले की जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। घटना की सूचना मिलते ही कांग्रेस के युवा जिला अध्यक्ष आमिर हुसैन घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों से दूरभाष पर बात कर जेल मोड़ के समीप जर्जर सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की। उनका कहना है कि सड़क की खराब स्थिति और तेज रफ्तार वाहनों के कारण इस क्षेत्र में दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है, जिसे रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाने की आवश्यकता है।
रिपोर्टर - शहीद अंसारी

No Previous Comments found.