खूंटी में जंगली हाथी की दस्तक, शहर में मचा हड़कंप — वन विभाग ने संभाला मोर्चा
खूंटी - शहर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब भूत भंडारा क्षेत्र की ओर से एक जंगली हाथी शहर में प्रवेश कर गया। जानकारी के अनुसार हाथी रांची की दिशा से होते हुए दतिया की ओर से शहर में घुसा और डीएवी रोड स्थित डेली मार्केट होते हुए नगर भवन तक पहुंच गया। हाथी के शहर में प्रवेश की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग उसे देखने के लिए मौके पर जुट गए। कुछ लोग हाथी को खदेड़ने की कोशिश भी करते दिखे, जिससे स्थिति और संवेदनशील हो गई। हालांकि समय रहते वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और सायरनयुक्त वाहनों की मदद से हाथी को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर मोड़ने की कार्रवाई शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथी ने रास्ते में फुटपाथ पर लगी कुछ अस्थायी दुकानों और झोपड़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिया। हालांकि अब तक किसी प्रकार की जनहानि या गंभीर घायल होने की सूचना नहीं है, जिससे प्रशासन ने राहत की सांस ली है। वन विभाग के अधिकारी लगातार हाथी की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं। बताया जा रहा है कि हाथी फिलहाल लॉबिन बागान रोड नंबर तीन के नीचे खेत की ओर बढ़ गया है। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे हाथी के नजदीक न जाएं और अफवाहों पर ध्यान न दें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। स्थिति पर प्रशासन और वन विभाग की संयुक्त निगरानी जारी है।
रिपोर्टर - शहीद अंसारी
No Previous Comments found.