होली मिलन समारोह बना सामाजिक समरसता का प्रतीक, महाविद्यालय परिसर में दिखा भाईचारा
खूंटी : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, बिरसा महाविद्यालय इकाई द्वारा महाविद्यालय परिसर में रंगोत्सव होली मिलन समारोह का भव्य एवं अनुशासित आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। पूरे परिसर में उत्सव का वातावरण देखने को मिला, जहां विद्यार्थियों ने परस्पर सौहार्द, भाईचारे और मर्यादा के साथ होली का पर्व मनाया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत एवं पुष्पांजलि अर्पण के साथ हुई। मुख्य अतिथि के रूप में नव निर्वाचित नगर अध्यक्ष रानी टूटी उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और एकता का प्रतीक है। यह पर्व हमें आपसी मतभेद भुलाकर प्रेम और सद्भाव के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा वर्ग समाज की दिशा तय करता है, इसलिए उन्हें शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी को भी समझना चाहिए। उन्होंने परिषद द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन से महाविद्यालय परिसर में सकारात्मक वातावरण का निर्माण होता है।
विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. चंद्र किशोर भगत ने कहा कि शिक्षण संस्थान केवल पाठ्य ज्ञान देने का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कार और व्यक्तित्व निर्माण का केंद्र होता है। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को विकसित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, संयम और मर्यादा के साथ पर्व मनाने का आह्वान किया तथा कहा कि शिक्षा ही जीवन को सही दिशा प्रदान करती है। वार्ड सदस्य दिनेश कुमार महतो ने अपने संबोधन में कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र और समाज की सबसे बड़ी संपत्ति है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी यदि सकारात्मक ऊर्जा के साथ आगे बढ़ें तो नगर और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने परिषद के इस आयोजन को सराहनीय बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम सामाजिक एकजुटता को मजबूत करते हैं। विद्यार्थी परिषद के प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी ने कहा कि परिषद सदैव छात्र-छात्राओं के अधिकार,गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और स्वस्थ परिसर संस्कृति के लिए संघर्षरत रही है। उन्होंने कहा कि रंगोत्सव का उद्देश्य केवल उत्सव मनाना नहीं,बल्कि विद्यार्थियों के बीच आपसी संवाद, एकता और सहयोग की भावना को सुदृढ़ करना है। उन्होंने कहा कि आज के समय में आवश्यकता है कि विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों को भी समझें और समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। परिषद आगे भी ऐसे रचनात्मक और सकारात्मक कार्यक्रमों का आयोजन करती रहेगी। समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं ने एक-दूसरे को अबीर और गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं। परिसर में पारंपरिक गीतों और सांस्कृतिक उत्साह का वातावरण रहा। आयोजन के दौरान अनुशासन और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया। परिषद के कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित ढंग से संभालीं,जिससे पूरा आयोजन शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर राजू सर,अभिषेक श्रीवास्तव, विजय प्रधान,प्रियंका मैम,सुनील सर,अमित कुमार,बिनोद प्रजापति, मंगल कुम्हार,अंजनी कुमारी सहित महाविद्यालय के अनेक शिक्षक,कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं देते हुए आपसी सद्भाव का परिचय दिया। कार्यक्रम के अंत में परिषद पदाधिकारियों द्वारा सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया गया। समारोह ने यह संदेश दिया कि महाविद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं,बल्कि सामाजिक,सांस्कृतिक और नैतिक मूल्यों के विकास का सशक्त मंच भी है। रंगोत्सव के माध्यम से विद्यार्थियों के बीच एकता,सहयोग और समरसता की भावना और अधिक सुदृढ़ हुई।
रिपोर्टर - शहीद अंसारी
No Previous Comments found.