खूंटी में ‘जस्टिस ऑन व्हील्स – चलंत लोक अदालत’ कार्यक्रम की शुरुआत, गांव-गांव पहुंचेगी विधिक सेवा और जागरूकता

खूंटी : झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (JHALSA), रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), खूंटी द्वारा दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक विधिक सेवाएं और कानूनी जागरूकता उनके द्वार तक पहुंचाने के उद्देश्य से “जस्टिस ऑन व्हील्स – चलंत लोक अदालत” कार्यक्रम की शुरुआत की गई।
कार्यक्रम का उद्घाटन सोमवार को सिविल कोर्ट परिसर, खूंटी में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, खूंटी श्री रसिकेश कुमार द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने “जस्टिस ऑन व्हील्स” वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में न्यायालय के विभिन्न न्यायिक पदाधिकारी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
इस मौके पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री रसिकेश कुमार ने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य न्याय तक सभी की समान पहुंच सुनिश्चित करना है, खासकर खूंटी जिले के दूर-दराज़ के गांवों में रहने वाले वंचित एवं कमजोर वर्ग के लोगों के लिए। उन्होंने कहा कि कई बार जानकारी के अभाव में लोग अपने कानूनी अधिकारों का लाभ नहीं उठा पाते हैं, ऐसे में यह कार्यक्रम उनके लिए काफी सहायक सिद्ध होगा।
बताया गया कि “जस्टिस ऑन व्हील्स” वाहन मार्च 2026 के पूरे माह तक खूंटी जिले के विभिन्न प्रखंडों और गांवों का भ्रमण करेगा। इस दौरान चलंत लोक अदालत तथा विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। लोगों को उनके विधिक अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता, विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं तथा लोक अदालत के माध्यम से विवादों के सौहार्दपूर्ण समाधान की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी जाएगी।
इसके साथ ही लोगों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में उपलब्ध मध्यस्थता (मेडिएशन) प्रक्रिया के बारे में भी जागरूक किया जाएगा। इस प्रक्रिया के तहत प्रशिक्षित मध्यस्थों की सहायता से आपसी संवाद और सहमति के आधार पर विवादों का समाधान किया जा सकता है, जिससे लंबी न्यायिक प्रक्रिया से बचा जा सके।
इस अभियान में पैनल अधिवक्ता, विधिक सहायता रक्षा परामर्शदाता प्रणाली (LADC) के सदस्य तथा पैरालीगल वॉलंटियर्स (PLVs) को भी शामिल किया गया है। ये सभी ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों को विधिक परामर्श देंगे और उपलब्ध कानूनी सेवाओं की जानकारी प्रदान करेंगे।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की टीम इस दौरान गांवों में जाकर लोगों से संवाद करेगी, उनकी कानूनी समस्याओं को सुनेगी, जानकारी संबंधी सामग्री वितरित करेगी तथा उपयुक्त मामलों के निपटारे के लिए चलंत लोक अदालत के माध्यम से सहायता प्रदान करेगी।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.