पटेल बीएड कॉलेज कर्रा में रक्तदान शिविर आयोजित, 10 भावी शिक्षकों ने किया रक्तदान

खूंटी : सदर अस्पताल खूंटी स्थित रक्त अधिकोष केंद्र के तत्वावधान में सोमवार को पटेल बीएड कॉलेज, कर्रा परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ कॉलेज की प्राचार्या डॉ. अनुराधा कुमारी एवं सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. आनंद किशोर उरांव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर प्राचार्या डॉ. अनुराधा कुमारी ने कहा कि पटेल बीएड कॉलेज मैनेजमेंट कमिटी शिक्षक प्रशिक्षण के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों का भी निर्वहन करती है। इसी उद्देश्य से कॉलेज में समय-समय पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाता है। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे सभी भावी शिक्षकों को समाज सेवा के इस महत्वपूर्ण कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
अपने संबोधन में उपाधीक्षक डॉ. आनंद किशोर उरांव ने कहा कि रक्तदान महादान है। रक्तदान करने से शरीर में किसी प्रकार की कमजोरी नहीं होती, बल्कि एक यूनिट रक्तदान से किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नई जिंदगी मिल सकती है। उन्होंने कहा कि जिले में आए दिन सड़क दुर्घटनाओं में घायल मरीजों की संख्या बढ़ रही है, इसलिए युवाओं को रक्तदान के साथ-साथ सड़क सुरक्षा के प्रति भी जागरूक रहना चाहिए और हेलमेट का नियमित उपयोग करना चाहिए।
शिविर के दौरान कॉलेज के छात्रों को प्रेरित कर कुल 10 भावी शिक्षकों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में कॉलेज के डॉ. गौरी कच्छप, नीरज कुमार आलोक, आशीष कुमार, डॉ. अनीता कुमारी तथा रक्त केंद्र के सुशांत कुमार, सुजीत नाग और विकास नाग ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
इस दौरान काउंसलर निशांत झा ने बताया कि एक स्वस्थ व्यक्ति को साल में कम से कम तीन बार रक्तदान अवश्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि थैलेसीमिया, गर्भवती महिलाओं और नवजात बच्चों में अक्सर एनीमिया के मामले सामने आते हैं। ऐसे मरीजों के बेहतर उपचार के लिए नियमित रूप से रक्तदान शिविर आयोजित कर पर्याप्त रक्त संग्रह करना आवश्यक है।

रिपोर्टर :  शहीद अंसारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.