विधायक सुदीप गुड़िया ने सदन में उठाया तोरपा रेफरल अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी का मुद्दा

खूंटी : तोरपा विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुदीप गुड़िया ने झारखंड विधानसभा के पंचम बजट सत्र के दौरान तोरपा स्थित रेफरल अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी का मुद्दा सदन में उठाया। उन्होंने अस्पताल में प्रसूति रोग विशेषज्ञ, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ और अल्ट्रासाउंड तकनीशियन की अनुपलब्धता के कारण क्षेत्र के मरीजों, खासकर गर्भवती महिलाओं को हो रही परेशानियों की ओर सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया।

विधायक सुदीप गुड़िया ने कहा कि इन महत्वपूर्ण विशेषज्ञ डॉक्टरों और तकनीशियन की कमी के कारण क्षेत्र के लोगों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे शहरों या बड़े अस्पतालों का सहारा लेना पड़ता है, जिससे उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
इस पर स्वास्थ्य मंत्री ने सदन में जवाब देते हुए आश्वासन दिया कि एक माह के भीतर रेफरल अस्पताल, तोरपा में प्रसूति रोग विशेषज्ञ, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ और अल्ट्रासाउंड तकनीशियन की व्यवस्था सुनिश्चित कर दी जाएगी, ताकि क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
विधायक सुदीप गुड़िया ने कहा कि तोरपा विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा मिले, इसके लिए वे सदन से लेकर संबंधित विभागों तक लगातार प्रयास करते।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.