जंतर-मंतर पर युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, खूंटी के कार्यकर्ता भी शामिल; केंद्र सरकार की नीतियों का विरोध
खूंटी : दिल्ली के जंतर-मंतर पर सोमवार को भारतीय युवा कांग्रेस के आह्वान पर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस विरोध प्रदर्शन में झारखंड सहित देश के विभिन्न हिस्सों से आए हजारों युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। खूंटी जिला युवा कांग्रेस के अध्यक्ष आमिर हुसैन के नेतृत्व में जिले के कार्यकर्ता भी इस आंदोलन में शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की कथित जनविरोधी और किसान-विरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज उठाई। आमिर हुसैन ने कहा कि युवा कांग्रेस शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रख रही है, लेकिन यदि युवाओं, किसानों और आम जनता की मांगों को नजरअंदाज किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर युवा कांग्रेस जेल भरो आंदोलन भी करेगी।
आमिर हुसैन ने भारत–अमेरिका ट्रेड डील को लेकर भी केंद्र सरकार की आलोचना की। उनका आरोप है कि इस समझौते से भारतीय किसानों के हित प्रभावित हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि यदि इस प्रकार के समझौते को वापस नहीं लिया गया तो देशभर में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।उन्होंने बताया कि भारतीय युवा कांग्रेस के आह्वान पर 16 मार्च को संसद घेराव कार्यक्रम के तहत दिल्ली में यह प्रदर्शन किया गया। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो दिल्ली के बाद देश के विभिन्न स्थानों पर सांसदों के आवास के सामने भी विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।इस दौरान झारखंड सहित कई राज्यों से पहुंचे युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को जोरदार तरीके से रखा।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी

No Previous Comments found.